October 29, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उद्योगों की पहली पसंद बन रहा उत्तराखण्डः धामी

हरिद्वार में सातवें इंडस्ट्रियल समिट एंड एक्सपो का मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारंभ

हरिद्वार (उद संवाददाता)। सिडकुल स्थित भारतीय उद्योग परिसंघ की ओर से आयोजित सातवें इंडस्ट्रियल समिट एंड एक्सपो 2026 का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि, उद्यमी, निवेशक और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रदर्शनी में उद्योगों में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक तकनीक, नए उत्पादों और नवाचारों को प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उनके अनुसार राज्य में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है और इसके परिणामस्वरूप एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अब उद्यमों और निवेशकों के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। निवेशकों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं विकसित करने के साथ ही उद्योगों के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि राज्य में नए उद्योग स्थापित होने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ें। मुख्यमंत्री ने खुरपिया फार्म में विकसित किए जा रहे एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर को औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना बताया। उन्होंने कहा कि ऊधमसिंह नगर जिले में 1002 एकड़ भूमि पर इस क्लस्टर को विकसित करने की स्वीकृति दी गई है। सरकारी दस्तावेजों के अनुसार यह परियोजना अमृतसर कोलकाता औद्योगिक गलियारे के अंतर्गत प्रस्तावित है और इसका उद्देश्य बड़े पैमाने पर औद्योगिक गतिविधियों के लिए आधार तैयार करना है। हरिद्वार में आयोजित औद्योगिक सम्मेलन में उद्यमियों और औद्योगिक प्रतिनिधियों ने भी प्रदेश में उद्योगों की संभावनाओं, तकनीकी विकास और निवेश के अवसरों पर चर्चा की। एक्सपो में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की ओर से अपने उत्पाद, तकनीक और नवाचार प्रदर्शित किए गए। आयोजन को उद्योग जगत और सरकार के बीच संवाद का मंच भी बताया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए औद्योगिक विकास को संतुलित तरीके से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। सरकार निवेश के साथ रोजगार, आधारभूत सुविधाओं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर भी ध्यान दे रही है। उन्होंने उद्योग जगत से राज्य में निवेश की संभावनाओं का लाभ उठाने का आ“वान किया।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *