हंगामे के बीच विधानसभा सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित : उमेश कुमार ने इस्तीफा दिया
गैरसैंण (उद संवाददाता)। उत्तराखंड विधानसभा का दो दिवसीय सत्र बुधवार को विपक्ष के हंगामे के बीच संपन्न हो गया। सदन में 7844.18 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट और विनियोग विधेयक समेत सभी 10 विधेयक पारित किए गए। सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस विधायकों ने भ्रष्टाचार समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। सत्र के दौरान निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने कहा कि वह आगामी विधानसभा चुनाव जन निर्माण पार्टी के चुनाव चिह्न पर लड़ेंगे। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि वह भाजपा या कांग्रेस में शामिल नहीं होंगे। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में इस वर्ष मार्च के बाद दूसरी बार विधानसभा सत्र आयोजित हुआ। राज्य गठन के बाद गैरसैंण में विधानसभा सत्र आयोजित करने की शुरुआत वर्ष 2014 में हुई थी। इस बार के दो दिवसीय सत्र में अनुपूरक बजट और विभिन्न विभागों से जुड़े विधेयकों पर कार्यवाही हुई।


