August 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

एम्स किच्छा का 10 सितंबर तक भूतल और प्रथम तल पूरा करने के निर्देश

किच्छा । जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बुधवार को किच्छा में 351 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन 280 बेड क्षमता वाले सेटेलाइट एम्स का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को श्रमिकों और उपकरणों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा आगामी 10 सितंबर तक एम्स के भूतल और प्रथम तल का कार्य पूर्ण कर हस्तगत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि चिकित्सालय भवनों का निर्माण कार्य कार्ययोजना बनाकर प्राथमिकता और शीघ्रता के साथ पूरा किया जाए, ताकि एम्स में जल्द ओपीडी शुरू की जा सके। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता सीपीडब्ल्यूडी उत्पल त्रिपाठी ने जिलाधिकारी को बताया कि चिकित्सालय के भूतल और प्रथम तल का कार्य 10 सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दो आवासीय भवनों का निर्माण कार्य पूरा कर उन्हें हस्तगत किया जा चुका है, जबकि शेष आवासीय भवनों का कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। चिकित्सालय परिसर की सड़कों का कार्य लगभग पूरा हो चुका है तथा पौधरोपण का कार्य भी किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि एम्स में 250 बेड, 10 ऑपरेशन थिएटर, 30 आईसीयू बेड के साथ जांच एवं प्रयोगशाला की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा हृदय रोग, गुर्दा रोग, मूत्र रोग, तंत्रिका रोग, सामान्य शल्य चिकित्सा, हडडी रोग, सामान्य चिकित्सा, बाल चिकित्सा तथा आपातकालीन एवं आघात चिकित्सा की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। चिकित्सालय परिसर में सराय और खरीदारी परिसर का भी निर्माण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को एम्स के राजमार्ग की ओर स्थित तीन पहुंच द्वारों के समीप नाला निर्माण और पहुंच पुलिया का कार्य एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने एम्स के अधिकारियों को चिकित्सा उपकरणों की खरीद कर उन्हें समय से स्थापित कराने तथा चिकित्सकीय एवं अन्य आवश्यक स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके अग्रवाल, उप जिलाधिकारी गौरव पांडे, अधीक्षण अभियंता एवं परियोजना निदेशक सीपीडब्ल्यूडी उत्पल त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता सिंचाई बीएस डांगी, लोक निर्माण विभाग के गजेंद्र सिंह, तहसीलदार गिरीश त्रिपाठी, एन सीसी के महाप्रबंधक शंकर बालू, हरि शंकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *