रूद्रपुर में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐतिहासिक स्वागत : पंजाबी गौरव सम्मान सम्मेलन में हुए शामिल
हजारों कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा और जयघोष के बीच किया अभिनंदन
रुद्रपुर (उद संवाददाता)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय उत्तराखंड भ्रमण कार्यक्रम के दूसरे दिन गुरुवार को अपराह्न जनपद ऊधमसिंह नगर के जिला मुख्यालय रुद्रपुर पहुंचे। यहां पार्टी के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा एवं जयघोष के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं के रुद्रपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया और शहर का माहौल भाजपा के नारों से गूंज उठा। नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन परिसर पहुंचे, जहां पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता भारी वाहन काफिले के साथ कलेक्ट्रेट मार्ग से नैनीताल रोड स्थित मेट्रोपोलिस गेट की ओर रवाना हुए। मेट्रोपोलिस गेट पर पहले से मौजूद हजारों पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री का पुष्पवर्षा करते हुए स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार जयघोष किया, जिससे पूरा क्षेत्र भाजपा और नितिन नवीन के नारों से गूंज उठा। मेट्रोपोलिस गेट से राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पार्टी के जनप्रतिनिधियों तथा वरिष्ठ नेताओं के साथ वाहनों के काफिले में आयोजन स्थल के लिए रवाना हुए। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और पुष्पवर्षा की। कलेक्ट्रेट परिसर के पास कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद अटरिया मार्ग मोड़, आवास विकास मोड़, अंगद देव कॉम्पलेक्स के सामने और डीडी चौक सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ता स्वागत के लिए मौजूद रहे। मुख्य बाजार कट से होते हुए काफिला त्रिशूल चौक पहुंचा। यहां भी बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं के उत्साह और लगातार हो रही पुष्पवर्षा के बीच काफिला आगे बढ़ता रहा। जगह जगह स्वागत के कारण पूरे मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ और पार्टी के झंडे नजर आए। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला पंजाबी गौरव सम्मान सम्मेलन के आयोजन स्थल आर्क होटल पहुंचा। आयोजन स्थल पर पंजाबी समाज के कई वरिष्ठ लोगों ने नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। यहां आयोजित पंजाबी गौरव सम्मान सम्मेलन में सिख समाज के इतिहास और योगदान को याद किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठ और बुजुर्गजनों को सम्मानित किया जा रहा है। सम्मेलन में रुद्रपुर के अलावा आसपास के क्षेत्रें और प्रदेश के विभिन्न स्थानों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के रुद्रपुर आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में सुबह से ही उत्साह बना हुआ था। शहर के प्रमुख मार्गों पर जगह जगह कार्यकर्ताओं ने स्वागत की तैयारियां की थीं। राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के काफिले के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया।
