September 16, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

करोड़ों की जमीन कौड़ियों में नीलाम कर रही सरकारः ठुकराल

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। प्रदेश सरकार करोड़ों कीमत की विभागीय भूमि कौड़ियों दाम पर बेचकर देवभूमि को खोखला करने में लगी हुई है। मीड़िया से बातचीत करते पूर्व विधायक व कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार द्वारा राज्य के सरकारी विभागों की भूमि को नीलाम करने का रास्ता खोल दिया गया है। उन्होंने कहा सरकार ने उत्तराखण्ड इन्वेस्टमेंट एण्ड इन्फ्ास्टक्चर बोर्ड का गठन कर विभिन्न बेशकीमती भूमि को राज्य के बाहरी लोगों को सौपने की तैयारी कर दी है। इसका खुलासा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा गोपनीय दस्तावेजों के सामने लाने के बाद हुआ। श्री ठुकराल ने आरोप लगाते हुए कहा कि मसूरी स्थित पार्क स्टेट की 30 हजार करोड़ बाजार भाव की लगभग 142 एकड़ सरकारी भूमि को राजस एरो स्पोर्ट्स एण्ड एडवेंचर लिमिटेड को 15 सालों के लिए केवल 1 करोड़ रूपया प्रति साल की लीज पर दे दिया। जिसे 15 वर्ष और बढ़ाया जा सकता है। इस प्रक्रिया में सारे नियमों को ताक पर रख दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार गठित बोर्ड का दुरूयोग करने में लगी है। श्री ठुकराल ने कहा कि सरकार ने सरकारी जमीनें लीज पर देने के अलावा विभिन्न विभागों की बेशकीमती सम्पत्तियों को भी पीपीपी मोड़ पर दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया सरकार ने लोक निर्माण विभाग के 25 निरीक्षण भवन और पर्यटन विभाग के कुछ होटलों को लीज पर निजी हाथों में देने का सैद्धांतिक निर्णय ले लिया है। यह सम्पत्तियां अरबों रूपये तक की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य की 7000 हेक्टेअर भूमि गोपनीय ढ़ंग से नीलाम कर दी है। जिसमें रानीखेत अल्मोड़ा, उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, गुप्तकाशी व फाटा के लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन शामिल हैं। पटवाडांगर नैनीताल, नगवा चकरोता, धनोल्टी, मागरा, माजरी, सलीमपुर, पाटकोट, मार्चुला, रानीबाग, विकासनगर, रामगढ़, ऋषिकेश आदि स्थानों की सरकारी भूमि को हस्तांतरित करने पर अंतिम मुहर लग गई है। श्री ठुकराल ने कहा कि सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूब चुकी है। उन्होंने कहा कि ईडी के छापे के बाद नैतिकता के आधार पर पूर्व मुख्यमंत्री व कोग्रस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने पदों से त्यागपत्र देने की तत्काल पेशकश कर दी थी। क्या अब भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे भाजपा नेता नैतिकता के आधार पर अपने पदों से त्यागपत्र देंगे। जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा ने बताया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर प्रदेश सरकार के भ्रष्टाचार को लेकर पूरे राज्य में प्रेस वार्ता की जा रही है। इस दौरान महानगर अध्यक्ष ममता रानी, संदीप चीमा, डा- अजय कुमार सिंह, गोपाल भसीन, ज्योति टम्टा, सरोज शर्मा, बाबू खान, विजय शंकर शुक्ला, भूपेश सोनी, ममता हालदार, सतीश कुमार, केरू मंडल, योगेश चौहान व बाबू विश्वकर्मा आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *