Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कांग्रेस विधायक ने विधानसभा गेट पर पलटी गन्ने की ट्राली

देहरादून । विधानसभा के विशेष सत्र का आगाज मंगलवार को भारी हंगामे और अप्रत्याशित विरोध प्रदर्शन के साथ हुआ। महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा के लिए बुलाए गए इस सत्र में जहां सदन के भीतर तीखी नोकझोंक हुई, वहीं विधानसभा परिसर के मुख्य द्वार पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब झबरेड़ा से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र जाति ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर वहां पहुँच गए। सुरक्षा घेरे को चुनौती देते हुए विधायक ने ट्रॉली में लदा गन्ना गेट के ठीक सामने पलट दिया, जिससे सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। विधानसभा सत्र की कार्यवाही शुरू होने से ठीक पहले हुए इस प्रदर्शन ने सरकार की मुश्किलों को बढ़ा दिया। विधायक वीरेंद्र जाति ने सरकार पर किसानों की घोर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि इकबालपुर चीनी मिल पर किसानों का लगभग 110 करोड़ रुपये का भुगतान पिछले लंबे समय से बकाया है। उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद सरकार और मिल प्रबंधन की कानों पर जूं नहीं रेंग रही है, जिसके कारण गन्ना किसान भुखमरी की कगार पर पहुँच गए हैं। विधायक ने तत्काल बकाया भुगतान की मांग करते हुए कहा कि जब तक किसानों को उनका हक नहीं मिल जाता, उनका संघर्ष जारी रहेगा। विधानसभा गेट पर गन्ना पलटने की घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और ट्रैक्टर को वहां से हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। सत्तापक्ष ने इस कृत्य की निंदा करते हुए इसे सदन की गरिमा के खिलाफ बताया, वहीं कांग्रेस ने इसे किसानों की जायज आवाज करार दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *