पिंजरे में कैद हुआ गुलदार,ग्रामीणों को मिली राहत,तक कुल 8 गुलदार पकड़े
भीमताल (उद संवाददाता)। जिले के भीमताल और जौलीकोट क्षेत्र में बीते 15 दिनों से जारी गुलदार की दहशत के बीच वन विभाग को मंगलवार सुबह बड़ी सफलता हाथ लगी है। वन विभाग द्वारा भीमताल ब्लॉक के मोरा गांव में लगाए गए पिंजरे में एक गुलदार कैद हो गया है। क्षेत्र में लगातार हो रहे जानलेवा हमलों के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भारी भय का माहौल था, जिसे देखते हुए विभाग ने कई स्थानों पर पिंजरे लगाए थे।जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के भदयूनी गांव में छह दिन पहले युवक कमल सिंह बिष्ट को गुलदार ने अपना निवाला बना लिया था, जिसके बाद से वन विभाग पर गुलदार को पकड़ने का भारी दबाव था। इससे पूर्व सूर्याजाला और ज्योली क्षेत्र में भी गुलदार ने महिलाओं को शिकार बनाया था। लगातार बढ़ती घटनाओं के कारण जिला प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिगत 25 और 27 अप्रैल को स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश भी घोषित किया था। वन क्षेत्रधिकारी नितिन पंत ने बताया कि पकड़े गए गुलदार की विशेषज्ञों द्वारा जांच की जा रही है। अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि पकड़ा गया गुलदार ही आदमखोर है। विभाग अब उसके व्यवहार और डीएनए सैंपल के माध्यम से इसकी पुष्टि करेगा। गौरतलब है कि भीमताल ब्लॉक के धारी और आसपास के इलाकों से अब तक कुल 8 गुलदार पकड़े जा चुके हैं। वन विभाग ने अभी भी ग्रामीणों से शाम के समय अकेले बाहर न निकलने और बच्चों की विशेष निगरानी करने की अपील की है। इलाके में विभाग की गश्त और निगरानी निरंतर जारी है।
