एक राष्ट्र, एक चुनाव पर संत समाज का महामंथन: सीएम धामी और केंद्रीय मंत्री शिवराज भी हुए शामिल
हरिद्वार। हरिद्वार में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ को लेकर संत समाज की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। ज्वालापुर मार्ग स्थित श्रीजी वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, योग गुरु स्वामी रामदेव और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी समेत संत समाज के लोग और कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद हैं। कार्यक्रम में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के मुद्दे पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ’’‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ देश को मजबूत करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बार-बार होने वाले चुनावों से देश का समय, संसाधन और धन खर्च होता है। यदि पूरे देश में एक .साथ चुनाव होते हैं तो इन संसाधनों का उपयोग विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं में किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रहित सबसे ऊपर है और देश को बार-बार चुनावी मोड में रखने के बजाय विकास की निरंतर गति को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ से राजनीतिक स्थिरता के साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि कुछ लोग अराजकता करके सत्ता हथियाना चाहते हैं और ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ से डरे हुए हैं। बच्चों को आंदोलन में नहीं उतारना चाहिए। राष्ट्र सर्वाेपरि है। कुछ दल वंदेमातरम का विरोध कर रहे हैं, जबकि इसमें देवी-देवताओं की नहीं, बल्कि भारत माता की वंदना है। समागम में संत अपने विचार रख रहे हैं। स्वामी रामदेव ने कहा कि वन नेशन, वन इलेक्शन संविधान की आत्मा के अनुरूप है। इससे देश के संसाधन बचेंगे और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए अधिक धन उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों को डर है कि इस व्यवस्था से क्षेत्रीय मुद्दे दब जाएंगे और वे चुनाव हार जाएंगे। कार्यक्रम को देखते हुए आयोजन स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

