Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पत्नी के बच्चों संग जाने से क्षुब्ध युवक ने दी जान

पेड़ से लटका मिला शव, सितारगंज के बलीनगर की घटना
सितारगंज (उद संवाददाता)। बलीनगर निवासी एक 25 वर्षीय युवक का शव सोमवार सुबह घर के पास पेड़ से लटका हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने पत्नी के बच्चों को लेकर घर से चले जाने के कारण युवक के मानसिक तनाव में होने की बात कही है। जानकारी के अनुसार बलीनगर निवासी सलीम पुत्र शराफत अली का शव सोमवार की सुबह घर के नजदीक एक पेड़ पर लटका हुआ बरामद हुआ। परिजनों ने बताया कि करीब 10 दिन पहले सलीम की पत्नी अपने चार मासूम बच्चों को लेकर कहीं चली गई थी। इसके बाद से सलीम काफी परेशान रहने लगा था और लगातार अपनी पत्नी व बच्चों की खोजबीन कर रहा था। पत्नी का पता न चलने के कारण वह गहरे मानसिक तनाव में था। पति की मौत की सूचना मिलने पर पत्नी छोटे बच्चों को लेकर सरकारी अस्पताल पहुंची, जहां वह शव से लिपटकर विलाप करने लगी। पुलिस ने सलीम की मौत का वास्तविक कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया है। उप निरीक्षक राकेश रौकली ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह और स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *