पांच दिन से लापता युवक का शव खाई में मिला
नवनियुक्त सीओ अंजना नेगी ने खुद खाई में उतरकर की जांच पड़ताल
नैनीताल । बीती 22 अप्रैल की रात से रहस्यमय ढंग से लापता दीपक उपाध्याय का शव रविवार को 80 मीटर गहरी खाई में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सर्च ऑपरेशन के दौरान नवनियुक्त सीओ अंजना नेगी ने साहस का परिचय देते हुए खुद गहरी खाई में उतरकर शव तक पहुँचने का मार्ग प्रशस्त किया।जानकारी के अनुसार रानीखेत निवासी दीपक उपाध्याय हल्द्वानी मार्ग स्थित भूजियाघाट के एक होटल में कार्य करता था। वह 22 अप्रैल को अपने तीन साथियों के साथ नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र में आया था। बताया जा रहा है कि उस दौरान सभी नशे की हालत में थे और इसी बीच दीपक अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद जब दीपक का कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजनों और मित्रें ने 23 अप्रैल को पुलिस को सूचना दी।लापता युवक की खोजबीन के लिए पुलिस, एसडी आरएफ, ड्रोन और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाया। युवक की अंतिम लोकेशन टूटा पहाड़ के आसपास मिलने के कारण इस क्षेत्र के जंगलों और दुर्गम स्थानों को बारीकी से छाना गया। हिंसक वन्यजीवों की चहलकदमी वाले इस इलाके में किसी अनहोनी की आशंका के बीच पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए भी जांच कर रही थी। चार दिनों तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद आज क्षेत्र में तीखी दुर्गंध आने पर पुलिस का ध्यान खाई की ओर गया। 80 मीटर नीचे उतरने पर दीपक का शव बरामद हुआ। शव के पास से ही उसका मोबाइल फोन और एक जोड़ी जूते भी मिले हैं। गिरने या किसी अन्य कारण से दीपक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
