Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अधिवक्ता ने खुद को गोली से उड़ाया,सुसाइड नोट भी मिला

कार के भीतर खून से लथपथ मिला शव,पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए बारीकी से जांच कर रही
नैनीताल (उद संवाददाता)। सरोवर नगरी के कलेक्ट्रेट एवं जिला न्यायालय परिसर में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कार के भीतर वरिष्ठ अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच के अनुसार, अधिवक्ता ने अपनी ही पिस्टल से खुद को गोली मारकर जीवनलीला समाप्त कर ली। इस हृदयविदारक घटना से न्यायिक परिसर और अधिवक्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11ः30 बजे कलेक्ट्रेट पार्किंग से गुजर रहे कुछ लोगों और अधिवक्ताओं की नजर वहां खड़ी एक कार पर पड़ी। कार के भीतर लॉन्ग व्यू कंपाउंड निवासी अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी खून से लथपथ अवस्था में पड़े थे। उनके एक हाथ में पिस्टल देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और भारी संख्या में अधिवक्ता मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने जब कार का दरवाजा खोलकर देखा तो अधिवक्ता की मौत हो चुकी थी, उनके सिर पर गोली लगी थी। पुलिस को घटनास्थल की जांच के दौरान कार के डैशबोर्ड से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। सूत्रें के अनुसार, सुसाइड नोट में अधिवक्ता ने अपनी लंबी बीमारी का जिक्र करते हुए लिखा है कि वह अब शारीरिक कष्टों के कारण ‘जिंदगी की गाड़ी’ आगे नहीं खींच पा रहे हैं। सुसाईड नोट में उन्होंने कुमाऊं आयुक्त, जिलाधिकारी और एसएसपी से अपनी पत्नी का ख्याल रखने का भावनात्मक अनुरोध भी किया है ताकि उनके जाने के बाद उनकी पत्नी कोई गलत कदम न उठा ले। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि और जांच अभी जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने कार के भीतर से साक्ष्य जुटाए। एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए बारीकी से जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला बीमारी से परेशान होकर की गई आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिलनसार स्वभाव के वरिष्ठ अधिवक्ता द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम से नैनीताल जिला कोर्ट परिसर के कर्मचारी और उनके साथी अधिवक्ता स्तब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *