Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

आवारा पशु से टकराकर गिरे बाइक सवार को ट्रक ने रौंदा,दर्दनाक मौत

रुद्रपुर (उद संवाददाता)। काशीपुर रोड एनएच 74 हाईवे पर धौलपुर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। बाइक सवार सड़क पर घूम रहे आवारा पशु से टकराकर गिर गया था, तभी पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रक ने उसे रौंद दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जानकारी के मुताबिक ग्राम अलखदेवा निवासी 39 वर्षीय परविंदर सिंह उर्फ पिन्दर पुत्र रंजीत सिंह रुद्रपुर स्थित आस्था इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में कार्य करता था। मंगलवार रात करीब सवा दस बजे वह रोजाना की तरह बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह धौलपुर के पास पहुंचा, अचानक रास्ते में एक आवारा पशु आ गया जिससे टकराकर उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर जा गिरा। इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने परविंदर को रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी, पुत्र और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, विधायक तिलकराज बेहड़, समाजसेवी सुशील गावा सहित तमाम लोगों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान लोगों ने आवारा पशुओं के कारण हाईवे पर आए दिन हो रहे हादसों पर गहरा रोष व्यक्त किया और प्रशासन से उचित कार्यवाही की मांग की। पुलिस ने फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *