Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

डंपर ने श्रमिक को कुचला गुस्साए लोगों ने लगाया जाम

देहरादून (उद संवाददाता)। राजधानी के कांवली रोड क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने हिंसक विरोध का रूप ले लिया। यहाँ एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बिहार निवासी एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर जोरदार प्रदर्शन किया और शव को उठाने से रोक दिया, जिससे क्षेत्र में घंटों भारी तनाव बना रहा।मृतक की पहचान 45 वर्षीय सकल देव साहनी, निवासी सीतामढ़ी (बिहार) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सकल देव मजदूरी के लिए देहरादून आया था और कांवली गांव में अपने साथियों के साथ रहता था। बुधवार सुबह वह अन्य मजदूरों के साथ काम की तलाश में लेबर चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक अनियंत्रित डंपर ने उसे रौंद दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची भारी भीड़ ने डंपर चालक की लापरवाही के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और प्रदर्शन करते हुए टायर फूंके। पुलिस बल ने जब शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, तो प्रदर्शनकारियों ने उन्हें रोक दिया। प्रदर्शनकारी मृतक के परिवार के लिए मुआवजे और डंपर मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इस विरोध प्रदर्शन के कारण कांवली रोड और आसपास के क्षेत्रें में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे स्कूली बच्चों और ऑफिस जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को संभालने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि फरार डंपर चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और यातायात व्यवस्था को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *