मकान की छत पर गिरी कार,चालक की मौत
चौबटिया के पास तड़के हुआ हादसा,तेज धमाके से परिवार के लोगों में मचा हड़कम्प
अल्मोड़ा। जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक अनियंत्रित कार सीधे मकान की छत पर जा गिरी, जिससे चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा बुधवार तड़के करीब 3ः15 बजे रानीखेत तहसील क्षेत्र के चौबटिया के पास देहोली गांव में हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार वैगनआर कार संख्या यूके 02 टीए 3159 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 20 मीटर नीचे जा गिरी और लाल सिंह के मकान की छत पर जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि मकान की छत को भी भारी नुकसान पहुंचा। घटना के समय मकान के अंदर सो रहे परिवार के लोग तेज धमाके से घबरा उठे और उन्हें लगा कि बारिश के चलते कोई प्राकृतिक आपदा या पहाड़ टूट गया है। जब परिवार के सदस्य घबराकर बाहर निकले तो उन्होंने अपनी ही छत पर कार को पलटा हुआ देखा, जिसे देख सभी के होश उड़ गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस व 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी गई। इस हादसे में मृतक की पहचान 32 वर्षीय भुवन प्रसाद पुत्र गोपाल राम निवासी ग्राम मटेला, काफलीगैर जिला बागेश्वर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भुवन प्रसाद टैक्सी चालक था और मंगलवार शाम ताड़ीखेत ब्लॉक के शिवाली गांव में बागेश्वर से आई एक बारात को लेकर आया था। तड़के वह चौबटिया रोड की ओर लौट रहा था, तभी देहोली क्षेत्र में एक मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के दौरान चालक कार से बाहर छिटककर पत्थर की छत पर जा गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर चौबटिया चौकी प्रभारी राजकुमार और उपनिरीक्षक फिरोज खान पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और रात के समय खराब मौसम को माना जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
