November 1, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

युवक की हत्या में तीन गिरफ्तार , पुलिस ने कराया सीन रीक्रिएशन

फॉरेंसिक टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर खून से सना पत्थर सहित कई साक्ष्य जुटाए
रुद्रपुर। रोडवेज बस स्टेशन के पास गुरुवार रात दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और पथराव की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक राजेश की बरेली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार सुबह मौत हो गई थी। युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। रविवार को पुलिस तीनों गिरफ्तार आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और उनके साथ सीन रीक्रिएशन कराया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि घटना के समय क्या हुआ था और किस तरह वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वह पत्थर भी बरामद कर लिया जिससे राजेश पर हमला किया गया था। पत्थर पर खून के निशान पाए गए हैं। जानकारी के अनुसार रम्पुरा वार्ड संख्या 22 निवासी सुनीता ने बताया कि गुरुवार रात करीब दस बजे उनके बेटे राजेश के मोबाइल पर किसी का फोन आया था। फोन आने के बाद राजेश घर से चला गया। आरोप है कि रोडवेज बस स्टेशन के पास पहुंचने पर उसका कुछ युवकों से विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई और पथराव होने लगा। इस दौरान राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर बाजार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल राजेश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसे बरेली रेफर कर दिया। बरेली के एक निजी चिकित्सालय में उपचार के दौरान शनिवार सुबह राजेश ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद राजेश का शव रम्पुरा स्थित उसके आवास पर पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों मेरठ निवासी गौरव कुमार, रोहतक निवासी प्रेम प्रशांत व ट्रांजिट कैम्प निवासी चेतन को गिरफ्तार कर लिया था। रविवार को बाजार चौकी प्रभारी संजीव शर्मा और एसआई अमित कुमार पुलिस टीम के साथ तीनों आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंचे। रोडवेज बस स्टेशन के पास हीना ट्रैवल्स के बीच स्थित चाय की दुकान के आसपास पुलिस ने आरोपियों के साथ सीन रीक्रिएशन कराया। इस दौरान आरोपियों से घटना के समय उनकी भूमिका और मारपीट व पथराव के घटनाक्रम की जानकारी ली गई। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वह पत्थर भी बरामद कर लिया जिससे राजेश पर हमला किया गया था। पत्थर पर खून के निशान मिलने की बात सामने आई है। इस दौरान फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस बरामद पत्थर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। एसएसआई महेश कांडपाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *