पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में लगी गोली
देहरादून (उद संवाददाता)। कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। नयागांव के पास चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। बदमाशों की गोली से पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायलों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार नयागांव के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे चेकिंग प्वाइंट से भागकर बुडपुर की ओर जाने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बाइक सवारों ने पुलिस पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर भी जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। घायल आरोपियों की पहचान शमीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक निवासी रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर सहित अन्य थाना क्षेत्रें में नकबजनी की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस के मुताबिक दोनों देर रात किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से निकले थे। फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे आरोपियों ने चेकिंग से बचने के लिए भागने का प्रयास किया था। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है। शमीम के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शहजाद के खिलाफ भी देहरादून और हरिद्वार में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों पूर्व में कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं। इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही देहरादून और हरिद्वार में हुई अन्य आपराधिक घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।


