November 1, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कार सर्विस सेंटर में भीषण आग,लाखों की क्षति

हल्द्वानी। कालाढूंगी रोड पर ऊंचा पुल के पास स्थित एक कार सर्विस सेंटर में रविवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और स्पेयर पार्ट्स स्टोर से होते हुए पब्लिक लाउंज और बिलिंग काउंटर तक पहुंच गई। हादसे में सोफा, फर्नीचर और अन्य सामान समेत लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। वहीं बिलिंग काउंटर में रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब एक बजे कार सर्विस सेंटर में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग लगते देख वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। देखते ही देखते आग ने सर्विस सेंटर के स्पेयर पार्ट्स स्टोर, पब्लिक लाउंज और बिलिंग काउंटर को अपनी चपेट में ले लिया। सेंटर संचालक विजय कुमार के अनुसार आग से सोफा और अन्य फर्नीचर के साथ ही कई जरूरी सामान जलकर नष्ट हो गए। बिलिंग काउंटर में रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और मुखानी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल किरार ने बताया कि दो वाटर टेंडर के साथ दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *