ससुराल आए पंजाब के युवक से लाखों की स्मैक बरामद
किच्छा। ससुराल में रह रहे पंजाब निवासी एक युवक को एसओजी कुमाऊं रेंज और किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने स्मैक तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 121-23 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात एसओजी कुमाऊं रेंज हल्द्वानी प्रभारी दीपा अधिकारी, हेड कांस्टेबल पंकज कंडारी, कांस्टेबल पंकज भट्टð कुरैÕया क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान दरऊ चौकी प्रभारी पवन जोशी भी अपनी टीम के साथ चेकिंग अभियान चला रहे थे। दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से सैंजना रोड पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने लगा, जिस पर टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 121-23 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुरचरण सिंह पुत्र मक्खन सिंह निवासी धानी करा सिंह, अभोर, जिला फाजिल्का, पंजाब बताया। उसने बताया कि वह वर्तमान में लालपुर में अपने ससुर जोगेन्द्र सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी गुरुद्वारे वाली गली, लालपुर के घर आया हुआ है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि बरामद स्मैक उसे लालपुर में ही भोजीपुरा, जनपद बरेली, उत्तर प्रदेश निवासी यूनुस नामक व्यक्ति ने लाकर दी थी, जिसे वह आगे जाकिर नाम के व्यक्ति को सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना किच्छा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी कितने समय से इस धंधे में लिप्त था और क्षेत्र में और किस-किस को नशे की सप्लाई कर चुका है।
