शुद्धिकरण के विरोध में काग्रेस नेताओं ने किया मुख्यमंत्री आवास कूच : भारी बारिश ने डाला खलल, सरकार के खिलाफ गरजे नेता
कई लोगों ने कांग्रेस का दामन थामा
देहरादून। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस के तेवर तल्ख हो गए हैं। प्रदेश कांग्रेस काग्रेस नेताओं ने भारी बारिश के बीच मामले के विरोध में सोमवार को मुख्यमंत्री आवास कूच किया। देहरादून के परेड मैदान में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।परेड मैदान में आयोजित सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। कांग्रेस नेताओं ने हल्द्वानी में शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जनसभा के बाद मंच का शुद्धिकरण किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है और इससे समाज में विभाजन की भावना को बढ़ावा मिलता है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम में प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया है। उन्होंने कहा कि यह संख्या भाजपा सरकार को कांग्रेस के आक्रोश का स्पष्ट संदेश देने के लिए पर्याप्त है।गोदियाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद मंच का शुद्धिकरण किया जाना दलित समाज का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने शुरुआत में शुद्धिकरण करने वालों का बचाव किया, लेकिन बेंगलुरु में मुकदमा दर्ज होने के बाद उनके रुख में बदलाव आया।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि हल्द्वानी में शुद्धिकरण करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को तत्काल वापस लेने की मांग भी उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मामले में कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज करेगी।कांग्रेस की चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने भी मामले में दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।कांग्रेस के मुख्यमंत्री आवास कूच में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, करन माहरा, सुमित हृदयेश, विधायक भुवन कापड़ी, सूर्यकांत धस्माना, ममता राकेश, ज्योति रौतेला, विधायक हरीश धामी, वीरेंद्र रावत, प्रदीप टम्टा, गोविंद सिंह कुंजवाल, राजकुमार ठुकराल, जोत सिंह गुनसोला समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।


पार्टी में शामिल हुए कई लोग
सीएम आवास घेराव के दौरान उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा व अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कई लोगों ने कांग्रेस का दामन थामा। कांग्रेस में शामिल होने वालों में यशपाल राणा पूर्व मेयर रुड़की, भुवनेश खर्कवाल पूर्व प्रमुख यमकेश्वर कोटद्वार, मनोज सैनी पूर्व प्रधानाचार्य एवं पूर्व अध्यक्ष गन्ना समिति हरिद्वार, रामकुमार वालिया(पूर्व दर्जा राज्य मंत्री), रविन्द्र आनन्द(पूर्व अध्यक्ष मंडी समिति देहरादून) एडवोकेट सचिन कुमार, पुरोला शामिल हैं।
