September 7, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

किन्नर समाज में विवाद: 60 लाख में पांच शहर बेचने का आरोप

रामनगर । किन्नर समाज में बधाई लेने के पारंपरिक क्षेत्रों को लेकर रामनगर में विवाद गहराता जा रहा है। रामनगर की किन्नर समाज की गुरु याना खान ने मुरादाबाद निवासी कुछ किन्नरों पर रामनगर समेत पांच क्षेत्रों को कथित तौर पर 60 लाख रुपये में दूसरे किन्नरों को बेचने का आरोप लगाया है। याना खान का कहना है कि यह कथित सौदा उनकी जानकारी और सहमति के बिना किया गया। मामले में एक कथित वीडियो भी सामने आया है, जिसे याना खान ने अपने आरोपों का आधार बताते हुए रामनगर नगर पालिका अध्यक्ष को दिखाया है। याना खान रामनगर नगर पालिका पहुंचीं और नगर पालिका अध्यक्ष हाजी मोहम्मद अकरम से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह किन्नर समाज से जुड़ी सामाजिक कार्यकर्ता हैं और मानवाधिकारों के लिए भी काम करती हैं। उनका कहना है कि रामनगर उनका पारंपरिक क्षेत्र है और यहां के लोगों के घरों में होने वाली खुशियों में बधाई लेने की परंपरा से वह लंबे समय से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि रामनगर के लोग उनके जजमान हैं और उनका इस क्षेत्र से पुराना जुड़ाव रहा है। याना खान ने आरोप लगाया कि मुरादाबाद निवासी बबली नाम की किन्नर ने कथित तौर पर रामनगर समेत पांच क्षेत्रों को 60 लाख रुपये में बेच दिया। उनका दावा है कि दूसरी ओर गजरौला क्षेत्र के गुलशन, आंचल और ज्योति समेत कुछ अन्य किन्नरों ने इन क्षेत्रों को खरीदा है। याना खान के अनुसार उनके पास कथित सौदे से संबंधित एक वीडियो मौजूद है, जिसे उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष के समक्ष भी दिखाया। उनका कहना है कि कथित वीडियो में 60 लाख रुपये की रकम के लेनदेन से जुड़ी तस्वीरें दिखाई दे रही हैं और संबंधित लोगों द्वारा क्षेत्र को बेचने तथा खरीदने की बात कही जा रही है। याना खान ने इस वीडियो को मामले की जांच के लिए महत्वपूर्ण बताया है। हालांकि वीडियो की वास्तविकता, उसमें दिखाई जा रही रकम और कथित लेनदेन की पुष्टि अभी नहीं हुई है। इन तथ्यों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। याना खान ने कहा कि किन्नर समाज में गुरु चेला परंपरा के तहत बधाई लेने के लिए क्षेत्र निर्धारित होने की परंपरा रही है। ऐसे में उनका सवाल है कि कोई व्यक्ति किसी दूसरे किन्नर के पारंपरिक क्षेत्र और वहां के जजमानों को पैसे लेकर किसी अन्य किन्नर को सौंपने या बेचने का अधिकार कैसे रखता है। उन्होंने दावा किया कि रामनगर के साथ जसपुर, बाजपुर, स्वार और गदरपुर समेत पांच क्षेत्रों को कथित तौर पर बेचने की बात सामने आई है। याना खान ने आरोप लगाया कि विवाद सामने आने के बाद उन्हें रामनगर छोड़ने की धमकियां भी दी जा रही हैं। उनका कहना है कि व्हाट्सऐप पर उन्हें धमकी भरे संदेश और स्टेटस दिखाए गए, जिनमें तमंचे और तलवारें दिखाई गईं। आरोप है कि उन्हें कहा गया कि अब रामनगर उनका क्षेत्र है और यदि वह यहां दिखाई दीं तो उनकी हत्या कर दी जाएगी। याना खान ने इन आरोपों को लेकर भी पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर वह रामनगर कोतवाली में तहरीर दे चुकी हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। याना खान का कहना है कि वह विवाद को बढ़ाना नहीं चाहतीं और कानून के माध्यम से न्याय चाहती हैं। याना खान ने रामनगर से अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी गुरु रेशमा करीब 45 वर्षों तक रामनगर में रहीं और वह स्वयं करीब दस वर्षों से यहां कार्य कर रही हैं। उनका दावा है कि रामनगर के लोग उनके सामाजिक कार्यों और बधाई की परंपरा से उनके जुड़ाव को अच्छी तरह जानते हैं। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष हाजी मोहम्मद अकरम ने कहा कि रामनगर अमन और शांति का शहर है और यहां किसी भी तरह की बदमाशी या अशांति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित लोगों से रामनगर में विवाद नहीं फैलाने की अपील की। नगर पालिका अध्यक्ष ने याना खान के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वह जरूरतमंद लोगों की मदद करती हैं और सामाजिक कार्यों में आगे रहती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक कार्य करने वाले लोगों के साथ समाज और पत्रकारों को भी खड़ा होना चाहिए। फिलहाल बधाई लेने के लिए रामनगर समेत पांच शहरों को 60 लाख रुपये में कथित तौर पर बेचे जाने का आरोप, रकम के लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा वीडियो और उसके बाद सामने आई धमकियों ने किन्नर समाज के विवाद को चर्चा में ला दिया है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि कथित वीडियो में दिखाई जा रही 60 लाख रुपये की रकम और क्षेत्रों को बेचने तथा खरीदने के दावों में कितनी वास्तविकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *