नेपाल में बाढ़ के बाद चम्पावत प्रशासन अलर्ट, हेल्पलाइन नंबर जारी
चम्पावत। नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ के बाद उत्पन्न स्थिति को देखते हुए चम्पावत जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। उत्तराखंड सरकार और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।नेपाल के प्रभावित क्षेत्रों में यदि उत्तराखंड का कोई नागरिक फंसा है या किसी व्यक्ति के संबंध में जानकारी प्राप्त करनी है, तो सहायता के लिए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि नेपाल के प्रभावित क्षेत्र में फंसे किसी उत्तराखंड निवासी या परिचित के संबंध में जानकारी होने पर तत्काल अधिकृत हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर, नेपाल में संभावित स्थान और उपलब्ध अन्य जानकारी साझा करने से त्वरित समन्वय कर सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी।
हेल्पलाइन नंबर:
- 0135-2710334
- 0135-2710335
- 0135-2664314
- 0135-2664315
- 0135-2664316
- 8218867005
- टोल-फ्री: 1070
जिलाधिकारी ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और आपदा संबंधी सूचनाएं केवल अधिकृत माध्यमों से साझा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय बनाए हुए है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए प्रशासन पूरी तरह तत्पर है।
