August 25, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पीएनजी पाइपलाइन बिछाने के काम में तेजी लाएंः मुख्य सचिव

देहरादून । मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में प्रदेश में बिछाई जा रही पाइप्ड नेचुरल गैस पाइपलाइन और गैस कनेक्शन के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों, गैस कंपनियों और जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर पीएनजी से संबंधित सभी कार्य पूरे किए जाएं और इसके लिए प्रत्येक एजेंसी स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करे। मुख्य सचिव ने गैस कंपनियों और संबंधित एजेंसियों को कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद सड़क खुदाई की अनुमति मिलते ही पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। विशेष रूप से हरिद्वार जिले में कुंभ 2027 से पहले पीएनजी से संबंधित सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी जिलों में संबंधित एजेंसियों को अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा, ताकि जिन क्षेत्रों में नई सड़कें अथवा अन्य निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं, उनमें पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का प्रावधान पहले से ही शामिल किया जा सके। इससे भविष्य में बार बार सड़क खोदने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और समय तथा संसाधनों की बचत होगी। मुख्य सचिव ने आपूर्ति विभाग को गैस कंपनियों के लिए पीएनजी बुनियादी ढांचे के विस्तार के संबंध में भूमि आवंटन, किराये और लीज पर भूमि उपलब्ध कराने को लेकर स्पष्ट नीति जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे विभिन्न जिलों में पीएनजी संयंत्र और अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचे के लिए भूमि हस्तांतरण में आने वाली समस्याओं का समाधान किया जा सकेगा और परियोजनाओं के कार्य में तेजी आएगी। उन्होंने सड़क कटिंग और सड़क खुदाई की नीति को भी प्रस्तावित नीति में शामिल करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि गैस पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क और अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों को पूर्व स्वरूप में लाने का कार्य निर्धारित शर्तों के अनुसार शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए। मुख्य सचिव ने कहा कि कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रत्येक एजेंसी विस्तृत समयसीमा और कार्य अवधि निर्धारित करे। एजेंसियां परियोजना पूरी होने तक प्रत्येक सप्ताह के लिए लक्ष्य तय करें और साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को आगे बढ़ाएं। मुख्य सचिव ने भारत सरकार की गोवर्धन योजना के तहत उपलब्ध सब्सिडी का लाभ लेने की दिशा में भी प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों से आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूरे करने को कहा। बैठक में अपर सचिव रुचि मोहन रयाल, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, आयुक्त खाद्य एवं आपूर्ति बी.एल. राणा, अपर आयुक्त पी.एस. पांगती सहित विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *