August 25, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

त्योहारों के मौसम में मिलावट और जमाखोरी के खिलाफ प्रदेशभर में अभियान तेज

देहरादून । त्योहारों के मौसम में मिलावट और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिलों में सरकारी मशीनरी ने जांच अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारियों को एक सप्ताह तक लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि अभियान की निगरानी की जिम्मेदारी मंडलायुक्तों को सौंपी गई है। राज्य सरकार के निर्देश पर सोमवार को सभी जिलों में जांच अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन की टीमों ने खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के साथ मिलकर विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। कई दुकानदारों को व्यवस्था में सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए। वहीं, सड़ी गली और निर्धारित अवधि समाप्त हो चुकी खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। जांच टीमों ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के साथ चीनी की जमाखोरी और घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की भी जांच की। चमोली जिले में जांच के दौरान तीन नमूने लिए गए और उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। निर्धारित अवधि समाप्त हो चुकी खाद्य सामग्री मिलने पर दो दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए तथा संबंधित सामग्री को नष्ट कराया गया। दो कंपनियों की खाद्य सामग्री पर लगे लेबल पैकेजिंग एवं लेबलिंग संबंधी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। संबंधित निर्माताओं को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। रुद्रप्रयाग जिले में टीम ने 12 दुकानों का निरीक्षण कर छह नमूने लिए। छह दुकानों में निर्धारित अवधि समाप्त हो चुकी खाद्य सामग्री मिलने पर दुकानदारों को चेतावनी दी गई और संबंधित सामान को नष्ट कराया गया। अल्मोड़ा जिले में दो मिठाइयों के नमूने लिए गए। बागेश्वर जिले में आठ प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर तीन नमूने लिए गए। पिथौरागढ़ जिले में दो नमूने लिए जाने की सूचना दी गई है। चंपावत जिले में जांच अभियान एक अगस्त से चल रहा है। अब तक 21 स्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है। इनमें से दस स्थानों से नमूने लेकर उन्हें प्रयोगशाला भेजा गया है, जबकि सर्वे के लिए तीन नमूने लिए गए हैं।देहरादून में भी सोमवार को जिला प्रशासन ने जांच अभियान चलाया। इस दौरान 11 खाद्य नमूने लिए गए और तीन प्रतिष्ठानों को व्यवस्था में सुधार के लिए चेतावनी दी गई। जिले में एक अगस्त से अब तक 70 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 48 नमूने लिए जा चुके हैं। सर्वे के लिए अलग से 20 नमूने लिए गए हैं। 11 दुकानदारों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा अपर जिलाधिकारी न्यायालय में चार वाद दर्ज कराए गए हैं। हरिद्वार में जांच अभियान 17 अगस्त से चल रहा है। अब तक 47 व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 27 नमूने लिए गए हैं। दस दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न न्यायालयों में चार मामले दर्ज कराए गए हैं। पौड़ी जिले में सोमवार को दस नमूने लिए गए, जिनमें से छह नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। धारा 36 के तहत एक वाद स्वीकृत किया गया है। नैनीताल जिले में दस दुकानों का निरीक्षण कर छह नमूने लिए गए और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। एक नमूना सर्वे के लिए लिया गया। एक प्रतिष्ठान में साफ सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर नोटिस जारी किया गया, जबकि मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई दस किलो मिठाई को नष्ट कराया गया। टिहरी जिले में भी जांच टीमों ने अभियान चलाया। सात व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर छह नमूने लिए गए। उत्तरकाशी जिले में सोमवार को कुल 15 स्थानों का निरीक्षण किया गया और चार नमूने लिए गए। बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री की बिक्री के एक मामले में नोटिस जारी किया गया। सरकार ने त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट, जमाखोरी और नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिलों में चल रहे अभियान की निगरानी मंडलायुक्तों के स्तर से की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *