August 20, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पैदल महरगांव पहुंचीं  जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने ग्राउंड जीरो पर रहकर संभाली कमान,राहत एवं पुनरुद्धार कार्य जारी

द्वारीखाल। जनपद के द्वारीखाल विकासखंड के आपदा प्रभावित महरगांव में राहत एवं पुनरुद्धार कार्य लगातार जारी हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया स्वयं दुर्गम मार्ग से पैदल महरगांव पहुंचीं और अंतिम शव बरामद होने तक ग्राउंड जीरो पर रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। उन्होंने प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश पर आपदा में क्षतिग्रस्त जल जीवन मिशन की मुख्य पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी गई है। वहीं, राहत सामग्री पहुंचाने और आवागमन को सुगम बनाने के लिए जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं। सम्पर्क मार्ग से मलबा हटाने का कार्य भी लगातार जारी है।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि पशुपालन विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर घायल पशुओं का उपचार किया। साथ ही पशुपालकों को 10 बैग चारा भेली उपलब्ध कराई गई। दुर्गम क्षेत्र तक चारा पहुंचाने में जेसीबी मशीनों के साथ ग्रामीणों का भी सहयोग लिया गया।आपदा प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से सूखा राशन किट, दैनिक उपयोग के बर्तन और कंबल उपलब्ध कराए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी गांव में मौजूद रहकर प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं। ग्राम प्रधान अमित सिंह ने प्रशासन की तत्परता और संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया।जिलाधिकारी ने सभी रेखीय विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्थिति सामान्य होने तक राहत एवं पुनरुद्धार कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने पेयजल, विद्युत, संपर्क मार्ग, पशुधन और राहत सामग्री समेत सभी आवश्यक सेवाओं की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है।प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को जल्द से जल्द बहाल करने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *