दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन
देहरादून। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर बुधवार को देहरादून पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपराष्ट्रपति के उत्तराखंड आगमन का स्वागत करते हुए कहा कि देवभूमि की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और आध्यात्मिक आस्था की पावन धरा पर उनका आगमन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। एयरपोर्ट से उपराष्ट्रपति देहरादून के लिए रवाना हुए।अपने दौरे के पहले दिन उपराष्ट्रपति इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए), देहरादून में भारतीय वन सेवा के 2025-27 बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों से संवाद करेंगे। इस दौरान वह प्रशिक्षणरत अधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे।उपराष्ट्रपति 20 अगस्त को मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) पहुंचेंगे। यहां वह 2024 बैच के आईएएस अधिकारियों के प्रोफेशनल कोर्स के द्वितीय चरण के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति दोनों राष्ट्रीय अकादमियों में देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगे।
