9.87 लाख पेंशन लाभार्थियों को 146.32 करोड़ रुपये का भुगतान
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत 9 लाख 87 हजार 17 विभिन्न पेंशन लाभार्थियों को जुलाई 2026 की पेंशन राशि का डिजिटल माध्यम से भुगतान किया। सरकार की ओर से कुल 146 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की पेंशन राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सीधे लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरण किया जा रहा है, जिससे पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि समाज का कमजोर वर्ग सरकार के परिवार का हिस्सा है। राज्य सरकार का प्रयास है कि पेंशन के लिए किसी बुजुर्ग माता पिता, विधवा बहन या दिव्यांग भाई को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सरकार का संकल्प प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक, समय पर और बिना किसी परेशानी के उसका अधिकार पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ उत्तराखंड को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य का समग्र विकास समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास से ही संभव है। समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि समाज कल्याण विभाग की ओर से जुलाई 2026 की पेंशन किश्त का भुगतान किया गया है। इस माह विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9 लाख 87 हजार 17 लाभार्थियों को पेंशन राशि का भुगतान किया गया। इनमें ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं। इन लाभार्थियों को वर्तमान में एसएनए स्पर्श नामक नवीन प्रणाली के माध्यम से पेंशन का भुगतान किया जा रहा है। विभाग के अनुसार जुलाई 2026 में विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत कुल 9,87,017 लाभार्थियों को पेंशन का लाभ दिया गया। इसके लिए कुल 146.32 करोड़ रुपये की धनराशि वितरित की गई। वृद्धावस्था पेंशन के 6,15,628 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से कुल 92.34 करोड़ रुपये की पेंशन दी गई। विधवा पेंशन के 2,36,983 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से 35.54 करोड़ रुपये की धनराशि का भुगतान किया गया। इसी प्रकार दिव्यांग पेंशन के 89,128 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से 13.36 करोड़ रुपये, किसान पेंशन के 27,288 लाभार्थियों को 1,200 रुपये प्रतिमाह की दर से 3.2 करोड़ रुपये तथा परित्यक्ता पेंशन के 8,284 लाभार्थियों को 1,200 रुपये प्रतिमाह की दर से 99.408 लाख रुपये वितरित किए गए। इसके अलावा भरण पोषण अनुदान के 7,383 लाभार्थियों को 700 रुपये प्रतिमाह की दर से 51.68 लाख रुपये, तीलू रौतेली पेंशन के 2,196 लाभार्थियों को 1,200 रुपये प्रतिमाह की दर से 26.35 लाख रुपये तथा बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को 1,200 रुपये प्रतिमाह की दर से 1.524 लाख रुपये की धनराशि वितरित की गई। इस अवसर पर सचिव समाज कल्याण श्रीधर बाबू अद्दांकी, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, अपर सचिव सुन्दरलाल सेमवाल, निदेशक संजय कुमार, अपर निदेशक योगेंद्र रावत, संयुक्त निदेशक जी.आर. नौटियाल, गोवर्धन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
