September 24, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उत्तराखंड के विधायक उमेश कुमार के फार्म हाउस में युवती से गैंगरेप

यूपी पुलिस के दरोगा व हेड कांस्टेबल और सीआरपीएफ के दो कर्मचारी गिरफ्तार
अमरोहा (उद संवाददाता)। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र में उत्तराखंड के खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार शर्मा से संबंधित बताए जा रहे फार्म हाउस में हरियाणा की 23 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती ने उत्तर प्रदेश पुलिस के एक दरोगा और हेड कांस्टेबल तथा crpf के दो कर्मियों पर जबरन संबंध बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। हसनपुर थाने में तैनात दरोगा और हेड कांस्टेबल को निलंबित भी किया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, फतेहाबाद निवासी युवती की 20 सितंबर को एक परिचित से बातचीत हुई थी। इसके बाद उसे धार्मिक स्थलों पर जाने के लिए crpf कर्मी मोहित से मिलने के लिए सोनीपत बुलाया गया। युवती के अनुसार, 21 सितंबर को वह सोनीपत पहुंची, जहां मोहित उसे अपनी कार से लेकर निकला। रास्ते में उसका साथी crpf कर्मी लालाराम भी कार में सवार हो गया। दोनों युवती को अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र में लेकर पहुंचे। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हसनपुर थाने के गेट के पास उनकी मुलाकात दरोगा संजय तोमर से हुई। इसके बाद सभी झुलपुरी गांव के पास स्थित एक फार्म हाउस पहुंचे, जहां दो कमरे लिए गए। कुछ देर बाद हसनपुर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल प्रमोद भी खाना और शराब लेकर वहां पहुंचा। युवती के अनुसार, चारों ने एक कमरे में बैठकर खाना खाया और शराब पी, जबकि वह दूसरे कमरे में चली गई। शिकायत के मुताबिक, इसके बाद मोहित, लालाराम और संजय तोमर उसके कमरे में पहुंचे और उसके साथ जबरदस्ती की। युवती का आरोप है कि तीनों के कमरे से निकलने के बाद प्रमोद भी अंदर आया। उसने उसे धक्का देकर बाहर कर दिया और कमरे की कुंडी अंदर से बंद कर ली। इसके बाद उसने इंटरनेट पर अमरोहा पुलिस के अधिकारियों के नंबर तलाशकर घटना की सूचना दी। पुलिस के मुताबिक 22 सितंबर की देर रात सूचना मिलने के बाद हसनपुर और रजबपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। उसकी शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। मामले में हसनपुर थाने में तैनात दरोगा संजय तोमर और हेड कांस्टेबल को निलंबित किया गया है। crpf से जुड़े दोनों आरोपियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सूचना भेजी गई है। पुलिस आरोपों की पुष्टि के लिए पीड़िता के बयान, चिकित्सकीय जांच और अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल कर रही है। जिस फार्म हाउस में घटना होने का आरोप है, उसे खानपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा से संबंधित बताया जा रहा है। पुलिस ने फार्म हाउस के प्रबंधन से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की है। हालांकि उपलब्ध पुलिस रिपोर्टों में विधायक उमेश शर्मा की इस घटना में किसी भूमिका की पुष्टि नहीं हुई है और न ही पुलिस ने उन्हें आरोपी बनाया है। फार्म हाउस के स्वामित्व तथा आरोपियों के वहां पहुंचने से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।
विधायक उमेश कुमार ने सोशल मीडिया के जरिए स्पष्ट किया है कि फार्महाउस उनका है, लेकिन उसकी देखरेख केयरटेकर करता है। विधायक का आरोप है कि घटना के दौरान पुलिस के एक दरोगा और CRPF के इंस्पेक्टर व दरोगा ने उनके केयरटेकर को धमकाया और जबरन कमरे में ले गए। इस संबंध में केयरटेकर की ओर से भी पुलिस को तहरीर दिए जाने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *