Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

धामी ने किया हर घर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ ,राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगे कार्यकर्ता

देहरादून । गांधी पार्क में शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हर घर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और लोगों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचे कार्यकर्ताओं के उत्साह और भारत माता की जय तथा वंदे मातरम के उद्घोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।तिरंगा यात्रा के दौरान गांधी पार्क से लेकर निर्धारित मार्ग तक देशभक्ति का माहौल नजर आया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। यात्रा में युवाओं के साथ बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल रहे। राष्ट्रीय ध्वज के साथ निकली यात्रा ने शहर में देशभक्ति का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज शुरू हो रही तिरंगा यात्रा कोई सामान्य कार्यक्रम नहीं है। यह विशिष्ट यात्रा है और राष्ट्र के गौरव के उत्सव की यात्रा है। यात्रा में उमड़ा जनसैलाब और सभी के हाथों में लहराता राष्ट्रीय ध्वज इस बात का प्रतीक है कि राष्ट्रभक्ति की भावना देवभूमि के कण कण में रची बसी है और प्रत्येक व्यक्ति के हृदय में विद्यमान है। उन्होंने कहा कि तिरंगा 140 करोड़ भारतीयों की आन, बान, शान और स्वाभिमान का प्रतीक है। इसके केसरिया रंग में वीरों के साहस, सफेद रंग में शांति और सत्य का संदेश तथा हरे रंग में समृद्धि और विकास की आशा निहित है। तिरंगे में अंकित अशोक चक्र देशवासियों को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। जब तिरंगा आकाश में लहराता है तो प्रत्येक भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह तिरंगा हमें यूं ही नहीं मिला है। इसकी रक्षा और देश की स्वतंत्रता के लिए मां भारती के सपूतों ने हंसते हंसते अपने प्राण न्यौछावर किए हैं। देश के वीरों ने तिरंगे की साख पर कभी आंच नहीं आने दी। आजादी के बाद भी देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए हमारे वीर जवानों ने अपने अदम्य साहस और शौर्य का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के अवसर पर सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि देश की एकता, अखंडता और रक्षा के लिए सदैव एक कदम आगे बढ़कर कार्य करेंगे। देश के सामने जब भी कोई संकट या चुनौती आएगी, देशवासी एकजुट होकर उसका हरसंभव सामना करेंगे। राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत अमृत काल से गुजर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व पटल पर अपनी नई पहचान महाशक्ति के रूप में स्थापित कर रहा है। आज का भारत किसी के आगे झुकता नहीं है, बल्कि आंखों में आंखें डालकर अपनी बात कहता है। भारत की बढ़ती शक्ति और सामर्थ्य का प्रभाव पूरी दुनिया में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। डिजिटल क्रांति, आधारभूत ढांचे के विकास, स्वदेशी तकनीक और मेक इन इंडिया के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत की नई पटकथा लिखी जा रही है। देश अनेक क्षेत्रें में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है और दुनिया को दिशा देने का कार्य कर रहा है। भारत की युवा शक्ति, तकनीकी क्षमता और नवाचार देश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सेना हमेशा से पराक्रमी रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेना का सामर्थ्य और मनोबल और मजबूत हुआ है। भारत ने दुनिया को यह संदेश दिया है कि यदि कोई ताकत देश की सीमाओं की ओर आंख उठाकर देखेगी तो भारत उसका जवाब देने में सक्षम है। देश की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए पूरी तरह समर्पित होकर कार्य कर रही है। सैनिकों के सम्मान में भव्य सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है और जल्द ही इसे जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सैन्य धाम प्रदेश के वीर सैनिकों और शहीदों के सम्मान का प्रतीक होगा तथा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश के अनेक वीर सपूतों ने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वाेच्च बलिदान दिया है। यहां के युवाओं में देश सेवा की भावना सदैव प्रबल रही है। तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन इस भावना को और मजबूत करते हैं तथा नई पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्टð ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज और राष्ट्र के प्रति अपने गौरव से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश जन जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर घर तक तिरंगा पहुंचाने और अभियान को व्यापक रूप देने का आ“वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और आज भारत की पहचान दुनिया में एक मजबूत राष्ट्र के रूप में बनी है। देश की उपलब्धियों और वीर जवानों के बलिदान को याद करते हुए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। तिरंगा यात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्टð, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, सौरभ बहुगुणा, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, महापौर सौरभ थपलियाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, श्रीमती दीप्ति रावत, तरुण बंसल, कार्यक्रम संयोजक शैलेंद्र बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरि, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष धीरेन्द्र पवार, मुलायम सिंह रावत, दीप कोश्यारी, गौरव कौशिक, श्याम अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *