Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गणेश गोदियाल का बड़ा ऐलान : 28 जून से उत्तराखंड में सभी विधानसभा सीटों पर जनसंपर्क अभियान चलाएगी कांग्रेस

वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को तेज करते हुए प्रदेशव्यापी जनसंपर्क अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पार्टी 28 जून से राज्य की सभी विधानसभा सीटों पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी।गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच जाकर राज्य सरकार की नीतियों और जनविरोधी फैसलों को उजागर करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना तथा आम लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना है।प्रेस वार्ता में कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश में पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी, कानून व्यवस्था की खराब स्थिति, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और अन्य क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर पूरी तरह विफल रही है।अभियान के तहत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कुमाऊं मंडल के बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों की जिम्मेदारी स्वयं गणेश गोदियाल संभालेंगे। वहीं रुद्रप्रयाग, पौड़ी और चमोली में चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत अभियान का नेतृत्व करेंगे। उत्तरकाशी और टिहरी में प्रीतम सिंह, भुवन कापड़ी और विक्रम सिंह नेगी जनसंपर्क कार्यक्रमों में भाग लेंगे। जबकि नैनीताल और अल्मोड़ा जिलों में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा अभियान को आगे बढ़ाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य भी प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर कार्यकर्ताओं और जनता से संवाद करेंगे।कांग्रेस के अनुसार अभियान के पहले चरण की शुरुआत देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर से होगी। पार्टी का दावा है कि इस अभियान के जरिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनावों के लिए जनसमर्थन जुटाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *