Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कैंचीधाम में सिपाहियों पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप,चौकी में हंगामा

भवाली। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस मेले के दौरान एक शर्मनाक घटना सामने आई है। मेले में डयूटी पर पहुंचे दो पुलिसकर्मियों पर एक युवती से छेड़छाड़, अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगा है। मामले में भवाली पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊधमसिंहनगर जनपद में तैनात एएसआई जगदीश प्रसाद और कांस्टेबल जितेंद्र कुमार स्थापना दिवस मेले में ड्यूटी के लिए कैंची धाम पहुंचे थे। आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मियों ने एक होम-स्टे संचालक की पुत्री के साथ छेड़छाड़ की। युवती द्वारा विरोध किए जाने पर दोनों ने उसके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट भी की। घटना की सूचना मिलते ही युवती के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। इससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया और कार्रवाई की मांग को लेकर कैंची चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने लोगों को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाकर स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों आरोपितों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली में मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उनके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बाबा नीम करौली महाराज के पवित्र धाम में हुई इस हरकत की कड़ी निंदा करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।बता दें हर वर्ष लाखों श्रद्धालु बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए कैंची धाम पहुंचते हैं। स्थापना दिवस मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने आए पुलिसकर्मियों पर लगे गंभीर आरोपों ने न केवल पुलिस विभाग की छवि को धक्का पहुंचाया है, बल्कि धाम की गरिमा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ उदाहरणात्मक कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *