October 10, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

तेजी से मिल रहा जनता को योजनाओं का लाभः धामी

बहुउद्देशीय शिविर में बोले सीएम- एक मंच पर मिल रहीं विभागीय सेवाएं
देहरादून (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुद्देशीय शिविरों का मुख्य उद्देश्य सरकारी व्यवस्था को आमजन के करीब लाना और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना है। इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं और जनकल्याणकारी योजनाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान और योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। देहरादून में आयोजित बहुद्देशीय शिविर में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली और शिविर में लगाए गए स्टाल पर व्यंजनों का स्वाद भी चखा।इस दौरान उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जनसेवा की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिससे आम लोगों को सरकारी सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी हो और उनकी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया सरल बन सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुद्देशीय शिविर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें संबंधित विभागों से सीधे जोड़ने का माध्यम बन रहे हैं। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की मौजूदगी से लोगों को अपनी जरूरत के अनुसार जानकारी प्राप्त करने और योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होती है। इससे सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने और प्रशासनिक व्यवस्था को जनोन्मुखी बनाने में मदद मिलती है। सरकारी कार्यालयों तक बार-बार पहुंचना ग्रामीण क्षेत्रें के लोगों, बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए समय और खर्च के लिहाज से कठिन होता है। कई बार योजनाओं की जानकारी नहीं होने या प्रक्रिया समझने में परेशानी के कारण पात्र लोग भी सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में बहुद्देशीय शिविरों के जरिए विभागीय सेवाएं लोगों के नजदीक उपलब्ध कराने से उनकी परेशानियां कम हो सकती हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत शिविरों में जनसमस्याएं सुनने, संबंधित विभागों तक शिकायतें पहुंचाने और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति देने पर ध्यान दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों और प्रशासन के बीच दूरी कम करना है, ताकि आमजन अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रख सकें और उन्हें समाधान के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे बहुद्देशीय शिविरों के माध्यम से सरकार की कोशिश है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ केवल घोषणाओं और कागजी प्रक्रियाओं तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरतमंद और पात्र लोगों तक पहुंचे। इसके लिए विभिन्न विभागों को एक मंच पर लाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने और उनकी जरूरतों के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *