दिल्ली होटल अग्निकांडः शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी के बाद उठे सवाल, सीएम धामी ने लिया एक्शन
गणेश गोदियाल और हरीश रावत ने की हादसे में निष्पक्ष जांच की मांग,बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश
नई दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टेज होटल में हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की मौत के बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मामले में होटल के शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी के बाद उत्तराखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों में सवाल उठाए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोग केशव नेगी को निर्दाेष बताते हुए उनके समर्थन में प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वहीं अब उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी इस मामले में एक्शन लेते हुए दिल्ली सरकार से सम्पर्क किया है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली सरकार से न्याय की अपील की है। दिल्ली पुलिस ने होटल में कार्यरत 65 वर्षीय शेफ केशव नेगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आग लगने के बाद वह घटनास्थल से बाहर निकल आया था। मामले में एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट, किचन हादसा या तकनीकी खराबी जैसी संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। साथ ही यह भी सामने आया है कि होटल कथित रूप से फायर एनओसी के बिना संचालित हो रहा था। इस बीच उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं, लेकिन एक कर्मचारी को बलि का बकरा बनाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि केशव नेगी एक कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सुरक्षा व्यवस्थाओं में हुई चूक तथा वास्तविक जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।गोदियाल ने कहा कि यह प्रश्न किसी एक राज्य के व्यक्ति का नहीं, बल्कि उस भीषण आग और उसके लिए जिम्मेदार लोगों का है। उनके अनुसार होटल के मालिक, प्रबंधन और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले लोगों की भूमिका की जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक छोटे कर्मचारी को दोषी ठहराकर बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है, जिससे दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि किसी भी हादसे में न्यायसंगत कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जांच तथ्यों और सबूतों के आधार पर होनी चाहिए तथा दोषियों की पहचान निष्पक्ष रूप से की जानी चाहिए। रावत ने कहा कि यदि सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई है तो उसके लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए और किसी कर्मचारी को बिना पर्याप्त आधार के दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए। पूर्व सीएम कहा कि हम कोई उत्तराखंड के शपेफ की बात नहीं कर रहे हैं, बल्कि आप एक निर्दाेष व्यक्ति पर दोषारोपण करके दूसरे बड़े दोषियों या अपराधियों को, जिन्होंने वहाँ किसी प्रकार की कोई सुरक्षा या बचाव की व्यवस्था नहीं की, उन्हें पकड़ने के बजाय इस व्यक्ति को पकड़ रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर वास्तविक दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
धामी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से की वार्ता
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड प्रकरण में उत्तराखंड के श्री केशव नेगी जी की गिरफ्तारी के संबंध में आज दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता से वार्ता की। श्रीमती रेखा गुप्ता ने आश्वस्त किया है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा तथा जांच पूरी तरह तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर होगी। मुख्यमंत्री ने पूर्ण विश्वास जताया है कि दिल्ली सरकार और संबंधित एजेंसियां निष्पक्ष जांच के माध्यम से सत्य को सामने लाएंगी।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने साथ ही श्री केशव नेगी जी की पुत्री कनिष्का नेगी से भी बात कर उन्हें हर संभव सहायता हेतु आश्वस्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार देश भर में रह रहे सभी प्रवासी उत्तराखण्डी भाई बहनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
इंडक्शन चूल्हे से शुरू हुई आग !
पुलिस ने बताया कि बताया कि आग इंडक्शन चूल्हा से शुरू हुआ। गिरफ्तार कुक केशव पर आरोप है कि उसकी लापरवाही से आग फैली है। केशव ने जांचकर्ताओं को बताया कि वह चाय और कुछ खाने की चीज बना रहा था तभी गर्म तेल के कारण आग फैली। केशव ने बताया कि उसने आग बुझाने की पूरी कोशिश की लेकिन वो उसे कंट्रोल नहीं कर पाया। आग की लपटें काफी तेजी से फैलने लगी। सूत्रों ने बताया कि केशव ने इस घटना की जानकारी न तो किसी अधिकारी को दी और न ही गेस्ट को बताया वो वहां से भाग गया। पुलिस ने बताया कि कई और अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है । होटल के मालिक लवकेश बजाज को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
