Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अग्निकांड में दो मकान राख,लाखों का नुकसान

देवती और गोरसाली गांव में देर रात लगी भीषण आग से हड़कंप
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले के मोरी प्रखंड और भटवाड़ी तहसील क्षेत्र में देर रात हुए दो अलग अलग अग्निकांडों में दो दोमंजिला आवासीय भवन पूरी तरह जलकर राख हो गए। हादसों में घरेलू सामान, नगदी, कपड़े और दैनिक उपयोग की वस्तुएं नष्ट हो गईं, जबकि एक गांव में दो पशुओं की भी आग की चपेट में आकर मौत हो गई। घटनाओं के बाद दोनों गांवों में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार मोरी प्रखंड के देवती गांव में मंगलवार देर रात करीब डेढ़ बजे कल्लू पुत्र पचीया के दोमंजिला मकान में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि रसोईघर से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख परिवार के लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टियों तथा अन्य संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा मकान जलकर राख हो गया। आग बुझाने के प्रयास में मकान स्वामी कल्लू आंशिक रूप से झुलस गया। वहीं दूसरी घटना भटवाड़ी तहसील के गोरसाली गांव में हुई, जहां बुधवार देर रात करीब 12 बजे देवेन्द्र सिंह रावत के दोमंजिला भवन में भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग से घर में रखा सामान, बर्तन, कपड़े, बिस्तर और अन्य घरेलू सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई। इसके अलावा एक गाय और उसका बछड़ा भी आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए। दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राजस्व विभाग द्वारा प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री, राशन एवं कपड़े उपलब्ध कराए गए हैं। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और पुनर्वास सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *