चारधाम यात्रा से लौट रहे दो तीर्थयात्रियों की संदिग्ध मौत
देवप्रयाग (उद संवाददाता)। चारधाम यात्रा पर आए महाराष्ट्र के दो तीर्थयात्रियों की देवप्रयाग क्षेत्र में संदिग्ध मौत हो गई। एक ही दल के दो यात्रियों की मौत से सहयात्रियों और परिजनों में हड़कम्प मच गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। देवप्रयाग पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र के परभणी जिले से आठ लोगों का एक दल चारधाम यात्रा पर आया था। दल बदरीनाथ धाम के दर्शन कर वापस लौट रहा था। बुधवार को यात्रा मार्ग पर मूल्यगांव के पास अचानक यात्राी किशन नरहरी पुत्र नरहरी निले निवासी लोहीग्राम, महाराष्ट्र के सीने में तेज दर्द होने लगा। सहयात्रियों ने तत्काल 108 आपातकालीन सेवा की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी देवप्रयाग पहुंचाया। अस्पताल की प्रभारी डॉ- दिव्या ने बताया कि मरीज को तत्काल सीपीआर दिया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। किशन नरहरी की मौत की पुष्टि होने के बाद सहयात्राी वापस वाहन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग घबराई हालत में अस्पताल पहुंचे और बताया कि वाहन में बैठी एक बुजुर्ग महिला कोई हरकत नहीं कर रही हैं। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत वाहन के पास पहुंचकर महिला यात्राी ज्ञानोवा सावंत पत्नी सानाबो निवासी ग्राम उखली, महाराष्ट्र की जांच की, जहां उन्हें भी मृत पाया गया। डॉ. दिव्या के अनुसार महिला का शरीर काफी अकड़ चुका था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत अस्पताल पहुंचने से करीब तीन से चार घंटे पहले ही रास्ते में हो चुकी थी। एक ही यात्रा दल के दो सदस्यों की मौत की खबर से अस्पताल परिसर और यात्रा मार्ग पर शोक का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने पर थाना देवप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसआई अरुण त्यागी ने पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचकर दोनों शवों का पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की।
