लाखों की स्मैक के साथ बरेली के नशा तस्कर को किया गिरफ्तार
किच्छा(उद संवाददाता)। एसटीएफ एवं एएनटीएफ कुमाऊं परिक्षेत्र नैनीताल की टीम ने पुलभट्टðा पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 129 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से बिना नंबर की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नगदी भी जब्त की है। जानकारी के अनुसार, एसटीएफ/ एएन टीएफ यूनिट के उपनिरीक्षक विनोद चन्द्र जोशी अपनी टीम के साथ बुधवार को बरा चौकी क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश में थे। इसी दौरान पुलभट्टðा थाने के उपनिरीक्षक दिनेश चन्द्र भट्टð भी पुलिस बल के साथ टीम में शामिल हो गए। गुरुनानक फार्म जाने वाले तिराहे पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार आता दिखाई दिया। पुलिस को देख युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम महेश मौर्या पुत्र रोशन लाल निवासी ग्राम चौण्डेरा, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) बताया। तलाशी लेने पर उसकी बाइक पर लटकी एक पन्नी से 129 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में महेश ने कुबूल किया कि वह यह स्मैक बरेली निवासी आसिफ नामक व्यक्ति से लेकर आया था और इसे बरा क्षेत्र में किसी को सप्लाई करना था। उसने बताया कि तस्कर आसिफ से उसकी बातचीत व्हाट्सएप कॉल के जरिए होती थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी महेश मौर्या शातिर अपराधी है और पूर्व में भी वाहन चोरी व अवैध तमंचा रखने के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने बरामद स्मैक, बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस बाइक, मोबाइल और 1280 रुपये की नकदी को कब्जे में लेकर सील कर दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है, साथ ही मुख्य सप्लायर आसिफ की तलाश शुरू कर दी है।
