Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सीएम ने 47वीं पुण्यतिथि पर स्वतंत्रता सेनानी पं0रामसुमेर शुक्ल को किया नमन, कई प्रतिभाओं को किया सम्मानित

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। स्वतंत्रता सेनानी पं0रामसुमेर शुक्ल की 47वीं पुण्यतिथि पर पं. रामसुमेर शुक्ल स्मृति राजकीय मेडिकल कालेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंडित राम सुमेर शुक्ल की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये। इस अवसर पर सीएम ने विभिन्न क्षेत्रें में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई लोगों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में सीएम धामी ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित राम सुमेर शुक्ल ने अनेक लोगों को तराई में लाकर बसाने का काम किया। तब यह क्षेत्र वीरान जंगल हुआ करता था, यहां जंगली जानवरों का भय रहता था और कठिन परिस्थितियां रहती थी। आज हम एक ऐसे महामानव की स्मृति में यहां एकत्र हुए हैं जिन्होनें अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा जनसेवा में लगाया। अध्ययन करने के दौरान ही राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना उनके अंदर विकसित हो चुकी थी। उन्होने 1936 में लाहोर में जब अधिवेशन में हिस्सा लिया,उस समय उनकी आयु मात्र 21 वर्ष थी। उस समय उन्होनें मोहम्मद अली जिन्ना के सिद्धांत का खुले मंच से विरोध करते हुए पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया था। उनका अदम्य साहस प्रेरणादायी था। उन्होंने अपने जीवन को स्वतंत्रता आंदोलन के लिए समर्पित कर दिया। उस दौरान उनको कई बार गिरफ्तार भी किया गया,यातनायें भी दी गयी,लेकिन उनका उत्साह कभी कम नहीं हुआ। उनके कदम कभी नहीं डगमगाये। भारत छोड़ों आंदोलन के दौरान भी उन्होंनें युवाओं को संगठित किया और आंदोलन को गति और दिशा देने का काम किया। जब देश आजाद हुआ तो उन्होंने किसानों और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान के लिए काम किया।

इसके अलावा उन्होंने तराई के विकास में भी अतुलनीय योगदान दिया। सीएम धामी ने कहा कि जो हमारे लोकतंत्र सेनानी है, उनके परिजन हैं,उनका हर कीमत पर सम्मान होना चाहिए, यह हमारी प्राथमिकता में है। प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड राज्य भी विकास और समृद्धि के नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। आज जो फैसले हम ले रहे हैं वो पूरे देश के लिए उदाहरण बन रहे हैं। हमारी सरकार द्वारा शहरों से लेकर सुदूर गांवों तक मूलभूत सुविधायें मजबूत की जा रही है। विभिन्न विकास परियोजनाओं पर लगातार काम किया जा रहा है। रूद्रपुर में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पंडित राम सुमेर शुक्ल मेडिकल कालेज का निर्माण कराया जा रहा है। सीएम धामी ने मंच से कहा कि इस वित्तीय वर्ष के पूरा होते होते इस मेडिकल कालेज का निर्माण पूरा हो जायेगा। इसके लिए जो भी धनराशि की आवश्यकता होगी उसका प्रबंध राज्य सरकार की ओर से तत्परता से कराया जायेगा। अब इसमें और विलंब नहीं होने दिया जायेगा। इसके साथ ही हम अनेक सड़कों का विस्तारीकरण और बाईपास का निर्माण भी कर रहे हैं। इस क्षेत्र में रूद्रपुर रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण के साथ साथ नई सिंगल लाईनें और दो ओवर ब्रिजों का निर्माण भी कराया जा रहा है। रूद्रपुर में जो जलभराव की समस्या है उसके समाधान के लिए मास्टर ड्रेनेज प्लान को मंजूरी दी गयी है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर िंपक टायलेट का निर्माण भी प्रगति पर है। इतना ही नहीं रूद्रपुर में 15 करोड़ की लागत से प्रदेश के पहले कंप्रेस्ड बायो गैस प्लांट का निर्माण भी कराया जा रहा है। साथ ही 17 करोड़ की लागत से एक एडवांस कूड़ा प्रबंधन प्लांट भी लगाया जा रहा है। सीएम धामी ने कहा कि उधम सिंह नगर जनपद की बात करें तो किच्छा में 100 एकड़ की भूमि पर एम्स के सेटेलाईट सेंटर स्थापित किया जा रहा है।

हमारा प्रयास है कि यह जल्द शुरू हो, इसके निर्माण से यहां पर स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होगी।सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का हमारे राज्य से विशेष लगाव है इसी के लिए चलते राज्य को कई बड़ी योजनायें मिल पायी है। इस जनपद के विकास के लिए गदरपुुर,खटीमा बाईपास, जसपुर बाईपास, काशीपुर बाईपास का काम हुआ है। जनपद के प्रमुख स्थानो पर बस अड्डों का निर्माण भी किया जा रहा है। रूद्रपुर, गदरपुर और चकरपुर में खेल सुविधाओं का विस्तार भी किया गया है। जिसमें राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं भी हो सकती हैं। खुर्पिया में जल्द ही इंडस्ट्रीयल स्मार्ट सिटी की स्थापना भी होने जा रही है। इसके निर्माण से पूरे क्षेत्र को विकास की एक और तेज गति प्रदान होगी। आस पास के लोगों को इससे रोजगार मिलेगा। सीएम धामी ने कहा कि जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना का निर्माण भी शुरू हो चुका है। इसका लाभ कुमांऊ के साथ साथ पूरी तराई को भी मिलेगा। आम लोगों की पेयजल और किसानों को सिंचाई के लिये पानी आसानी से मिल सकेगा।

श्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड में गन्ने के मूल्य में पहली बार इतनी बड़ी वृद्धि करते हुये गन्ने का मूल्य घोषित किया गया है। इससे पहले कभी भी इतनी बड़ी वृद्धि एक साथ नही की गई है। श्री धामी ने कहा कि मुझे यहां राज्य के दूरस्थ,सीमांत और ग्रामीण क्षेत्रें से आये हुये लोग दिख रहे है। इतने दूर से लोग आये है तो मुझे लगा कि इन सबको इन सब कार्याे की जानकारी होनी चाहिये। इसलिये मैने किच्छा में बन रहे एम्स,हल्द्वानी में बन रही जमरानी बांध,खुरपिया में इण्डस्ट्रीयल स्मार्ट पार्क और पं.रामसुमेर शुक्ल के नाम से बनने वाले मेडिकल कालेज बनने के बारे में बताया तो वही मैं आपके बगल में बन रहे पंतनगर एयर पोर्ट के बारे में भी बताना चाहता हूॅ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी चाहते है कि सामान्य इंसान भी हवाई यात्र आसानी से कर पाये। इसके लिये केन्द्र सरकार ने 650 करोड़ रूपये स्वीकृत कर दिये है और शीघ्र ही 1000 एकड़ में इण्टरनेशनल एयरपोर्ट तैयार हो जायेगा। श्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड में कई काम पहली बार हो रहे है और आगे अभी बहुत करना है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वागत सम्बोधन में पूर्व विधायक एवं स्वतंत्रता सेनानी पं. रामसुमेर शुक्ल के सुपुत्र राजेश शुक्ला ने कहा कि पं. सुमेर ने यहां तराई क्षेत्र को बसाने में अहम भूमिका अदा की थी। उन्होंने कहा कि उस दौरान इस क्षेत्र में मच्छर, मगरमच्छ, शेर, बिच्छू, सांप आदि खतरनाक जानवरों का बसेरा था। साथ ही कई जानलेवा रोग भी फैल रहे थे। लोग यहां रहने को बिलकुल भी तैयार नहीं हो रहे थे। लेकिन पं. गोविन्द बल्लभ पंत द्वारा लोगों को जागरूक करने पर यहां आबादी बसनी शुरू हुई। पं. रामसुमेर शुक्ल ने लोगों को यहां रहने के लिए संसाधन उपलब्ध करवाये और उन्हें जीवन से संघर्ष करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पं. सुमेर ने अपना सारा जीवन राष्ट्र व जनसेवा को समर्पित किया था।आज मुख्यमंत्री श्री धामी इस क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर सहयोग कर रहे हैं। श्री शुक्ला ने कहा कि श्री धामी के सहयोग से ही मेडिकल कालेज निर्माण का सपना पूरा हो सका है। श्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से वार्ता कर केन्द्र सरकार से 350 करोड़ रूपये की धनराशि उपलब्ध करवाई थी। इनकी बात को प्रधानमंत्री श्री मोदी भी नहीं टालते हैं। उन्होंने कहा कि श्री धामी किसानों के हितों के लिए भी लगातार कार्य कर रहे हैं। श्री शुक्ला ने मुख्यमंत्री से मेडिकल कालेज को और धनराशि उपलब्ध कराने, सेनानी गांव में सेनानी सदन का निर्माण कराने, स्वतंत्रता सेनानी पपरिवार की प्रथम पीढ़ी को मिलने वाली पेंशन की राशि में बढ़ोत्तरी करने सहित कई अन्य मांगों का उल्लेख किया और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पधानरने पर उनका धन्यवाद किया।
सीएम ने उत्कृष्ट कार्यों के लिए कई लोगों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान विधायक शिव अरोरा, मेयर रूद्रपुर विकास शर्मा, मेयर काशीपुर दीपक बाली,दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, अल्पसंख्यक आयोग उपाध्यक्ष फरजाना बेगम, भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा, पं. रामसुमेर शुक्ल के अध्यक्ष दिनेश शुक्ला, काशीपुर भाजपा प्रभारी भारत भूषण चुघ,ब्लाक प्रमुख रीना गौतम, मण्डी अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू, हज कमेटी अध्यक्ष खतीब अहमद, भाजपा ओबीसी प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य, नगर पंचायत दिनेशपुर अध्यक्ष मंजीत कौर, नगर पंचायत लालपुर अध्यक्ष बलविन्द्र कौर, गदरपुर नगरपालिका अध्यक्ष मनोज गुम्बर, नगर पंचायत गूलरभोज अध्यक्ष सतीश चुघ, नगर पंचायत सुल्तानपुर अध्यक्ष राजीव सैनी,उपेन्द्र चौधरी, शैली गुप्ता, करूणा तिवारी, जानकी तिवारी, शैल शुक्ला, आरती दूबे, माधुरी विरोन, सुनीता गंगवार, गीता भारद्वाज, दया देशीता, मधु गुप्ता,नन्द लाल यादव, घनश्याम श्यामपुरिया, दिलीप अधिकारी,प्रेम लता चौहान, सुरेश गौरी, हरीश जोशी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

खुरपिया फार्म में इंडस्ट्रियल स्मार्ट पार्क बनेगा रोजगार का मुख्य साधन
रुद्रपुर। मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं के उज्जवल भविष्य और प्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं को लेकर कहा कि किच्छा के खुरपिया फार्म में कई एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक इंडस्ट्रियल स्मार्ट पार्क विकसित किया जा रहा है, जो आने वाले वर्षों में रोजगार सृजन का बड़ा केंद्र साबित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड न केवल पर्यटन और शिक्षा में, बल्कि उद्योग और तकनीक के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़े। उन्होंने बताया कि स्मार्ट पार्क के विकसित होने से स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर खुलेंगे,आधुनिक तकनीक आधारित उद्योगों को एक ही स्थान पर सुविधाएं मिलेंगी।मुख्यमंत्री ने मंच से युवाओं को आश्वस्त किया कि आने वाले समय में रोजगार बढ़ाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। फ्हमारा लक्ष्य है कि हर युवा को अवसर मिले, हर परिवार का आर्थिक स्तर ऊपर उठे और उत्तराखंड विकास के नए शिखर छुए।

धामी के जयकारों से गूंजा परिसर
रुद्रपुर। मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पहुंचते ही पूरा परिसर उत्साह और जोश से गूंज उठा। जैसे ही मुख्यमंत्री मंच पर पहुंचे, उपस्थित जनता और संगठन के कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारों के साथ उनका स्वागत किया। चारों ओर पुष्कर सिंह जिंदाबाद, ‘धाकड़ धामी’के नारे गूंजने लगे, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। मुख्यमंत्री के संबोधन से पहले ही कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर था। लोगों ने हाथ लहराकर और तालियां बजाकर मुख्यमंत्री के प्रति अपना प्यार जताया। कार्यक्रम स्थल पर भारी संख्या में युवा, संगठन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।मुख्यमंत्री धामी ने जनता के अभिवादन का मुस्कुराकर जवाब दिया और कहा कि प्रदेश सरकार जनसमस्याओं के समाधान और विकास को समर्पित है। उन्होंने जनता के उत्साह को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। पूरे आयोजन के दौरान रुद्रपुर का मेडिकल कॉलेज धाकड़ धामी के नारों से बार-बार गूंजता रहा, जिसने माहौल को और अधिक ऊर्जावान बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *