कांग्रेसियों ने पेपर लीक के खिलाफ गांधी पार्क में दिया धरना
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की स्नातक स्तरीय परीक्षा मामले में बेरोजगारों का धरना शुक्रवार को जारी रहा। इस दौरान युवाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाये और पेपर निरस्त करने एवं सीबीआई जांच की पुरजोर मांग की। उधर कांग्रेसियों ने पेपर लीक के खिलाफ गांधी पार्क में धरना दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने धरना देते हुए युवाओं की लड़ाई को पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिलाया और कहा कि हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग पूरी नहीं होने तक यह संघर्ष जारी रहेगा। वहीं उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की स्नातक स्तरीय परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में बेरोजगारों का धरना जारी है। मामले में सेक्टर मजिस्ट्रेट केएन तिवारी, असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन समेत दरोगा व सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। शासन ने राजकीय महाविद्यालय अगरोड़ा टिहरी में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन को भी निलंबित कर उच्च शिक्षा निदेशालय हल्द्वानी संबद्ध कर दिया है।उधर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि वे बेरोजगार युवाओं को कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा व पूरी पार्टी का पूर्ण समर्थन देने धरना स्थल पर पहुंचे हैं। कहा कि कांग्रेस पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता और शीर्ष नेतृत्व प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के साथ मजबूती से खड़ा है। कहा, प्रदेश की सत्तारूढ़ भाजपा सरकार ने राज्य के युवाओं को धोखा दिया है। पिछले साढ़े आठ साल से भाजपा राज में राज्य सरकार के सभी विभागों में भर्तियां बंद पड़ी हैं और जहां भर्तियों के लिए कोई परीक्षा आयोजित की जाती है, वहां पेपर लीक हो जाता है।
