Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

छात्रसंघ चुनाव बवाल और गोलीबारी प्रकरण पर गिरी गाज, तीन पुलिसकर्मी निलंबित

डिग्री कालेज में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई, बिना आईडी कार्ड/फीस रसीद के बिना प्रवेश हुआ निषेध

रुद्रपुर। डिग्री कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव नामांकन के दौरान हुए बवाल और गोलीबारी प्रकरण के बाद पुलिस पर आखिरकार कार्रवाई हो गई है। उस दिन प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आ गए थे और देखते ही देखते मारपीट व फायरिंग शुरू हो गई थी। अचानक हुई इस घटना से राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस में इस मामले में आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया हुआ है और उनसे पूछताछ कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस की लापरवाही भी खुलकर सामने आ गई। घटना के बाद आईजी कुमाऊं डॉ. रिद्धिम अग्रवाल ने साफ कहा था कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी पर थाने और चौकी प्रभारी को जिम्मेदार माना जाएगा। इसके बावजूद रम्पुरा चौकी क्षेत्र में उपद्रव को समय रहते नहीं रोका जा सका। प्रकरण की समीक्षा के बाद एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने सख्ती दिखाते हुए रम्पुरा चौकी इंचार्ज प्रदीप कोहली, एएसआई अमित कुमार और कांस्टेबल गणेश धनिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसएसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन पुलिसकर्मियों ने अपनी जिम्मेदारी में चूक की है, उनके खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। इस मामले में पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया हुआ है। इसके साथ ही चिन्हित किए गए लोगों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीम में लगा रखी है। घटना के बाद कप्तान ने डिग्री कालेज में सुरक्षा व्यवस्था ओर कड़ी कर दी है। डिग्री कालेज में बिना एडमिट कार्ड और फीस रसीद के बिना प्रवेश पर रोक लगा दी है। कालेज में प्रवेश के लिये छात्र-छात्राओं को एडमिट कार्ड या फीस की रसीद दिखानी अनिवार्य कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *