Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पेपर लीक की सीबीआई जांच कराने की मांग,युवाओं से आंदोलन में शामिल होने का आह्वान

हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में छात्रों ने आमरण अनशन शुरू किया
देहरादून। यूकेएसएसएससी परीक्षा में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए युवाओं का धरना आज भी जारी है। बुधवार को भी पेपर लीक की सीबीआई जांच की मांग को लेकर धरने पर बैठे युवक और युवतियो ने प्रदेश के सभी युवाओं से आंदोलन में शामिल होने का आह्वान करते हुए प्रदेश के भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया। युवा परीक्षा कैंसिल कराने की मांग पर अड़े हैं। पेपर लीक मामले उत्तराखंड में टूल पकड़ता जा रहा है। हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में छात्रों ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक दोषियों को कड़ी सजा नहीं मिलती और राज्य सरकार ठोस कदम नहीं उठाती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। छात्र संगठनों का कहना है कि यह आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है यदि सरकार ने तत्काल कार्रवाई नहीं की। फिलहाल पुलिस और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए हैं। बता दें यह मुद्दा अब केवल परीक्षा देने वाले छात्रों तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि पूरे समाज के लिए गंभीर सवाल बन गया है। परेड ग्राउंड के पास चल रहे धरने में युवाओं को उनके अलग-अलग नेताओं ने संबोधित भी किया। परेड ग्राउंड के पास सोमवार को धरना शुरू किया गया था। युवा यहां से सीएम आवास कूच करना चाहते थे लेकिन पुलिस ने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें वहीं पर रोक लिया था। इसके बाद से दिन-रात युवा वहां पर डटे हुए हैं। उनके एक प्रतिनिधिमंडल को मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वार्ता के लिए बुलाया था। काफी देर हुई बातचीत में कोई नतीजा नहीं निकला और युवा फिर से अपनी मांग पर टिके रहे। लगातार युवाओं की ओर से परीक्षा रद्द करने की मांग की जा रही है। सरकार ने एसआईटी भी गठित कर दी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *