गैस सिलिंडर से रिसाव के बाद धमाका, पांच लोग झुलसे
देहरादून(उद संवाददाता)। पटेलनगर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक घर में गैस सिलिंडर से गैस रिसाव के चलते हुए धमाके में पांच लोग झुलस गए। हादसे में एक ही परिवार के दो व्यस्क और तीन बच्चे घायल हुए हैं। धमाके की सूचना मिलने के बाद मौके पर फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) को बुलाकर घटनास्थल की गहन जांच की गई। घटना महंत इंद्रेश अस्पताल के पीछे टपरी, पूर्वी पटेलनगर क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही तत्काल थाना पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां देखा गया कि एक छोटे कमरे में रह रहे परिवार के सदस्य झुलस चुके हैं। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़ित विजय साहू अपने परिवार के साथ एक छोटे से कमरे में रह रहे थे। रात के समय कमरे की खिड़कियां और दरवाजे पूरी तरह बंद थे। कमरे में ही एलपीजी सिलिंडर और गैस चूल्हा रखा हुआ था। धीरे-धीरे गैस का रिसाव होता रहा और सुबह करीब 6ः45 बजे कमरे में बिजली के स्विच के पास मौजूद नंगी तार में स्पार्किंग हुई। बंद कमरे में फैली गैस ने आग पकड़ ली और तेज धमाका हो गया। धमाके के कारण कमरे का एक दरवाजा और दीवार का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। परिवार के सभी सदस्य झुलस गए। घायलों में विजय साहू (38 वर्ष) पुत्र अशरफी लाल, निवासी ग्राम असहीपुर, थाना व जिला बलरामपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी टपरी, थाना पटेलनगर, देहरादून, सुनीता (35 वर्ष), पत्नी विजय साहू,अमर (11 वर्ष), पुत्र विजय साहू,सनी (08 वर्ष),अनामिका (08 वर्ष) आदि शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौके पर पहुंची फॉरेंसिक और बीडीएस टीम द्वारा घटनास्थल की गहनता से जांच की गई है। प्राथमिक जांच में यह गैस रिसाव से हुआ हादसा प्रतीत हो रहा है।
