February 27, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

वीडियो वायरल होने के बाद आया नया मोड़: अभिनेत्री ने प्रेसवार्ता में किया खुलासा, राधा और कृष्ण के जैसा है हमारा प्रेम

हरिद्वार(उद संवाददाता)। बीते दिनों उत्तराखंड भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। वीडियो में वह एक अभिनेत्री के बालों में कंघी करते दिखाई दे रहे थे। इसे पूर्व विधायक ने फिल्म का हिस्सा बताया था। जबकि अभिनेत्री ने कुछ ही दिन बाद सहारनपुर में प्रेसवार्ता कर सुरेश राठौर से नेपाल के एक मंदिर में शादी की बात कही थी। वहीं अब इन तमाम बयानों के बीच रविवार को इस मामले में नया मोड़ आ गया। अभिनेत्री को पूर्व विधायक व रविदास आचार्य सुरेश राठौर ने पीठ की मुख्य सेविका का दर्जा दे दिया। उन्होंने और अभिनेत्री ने प्रेसवार्ता कर कहा कि जैसे राधा ने खुद को कृष्ण को समर्पित कर दिया था, उसी तरह उन्होंने रविदास आचार्य सुरेश राठौर को खुद को समर्पित कर दिया है। हमारे बीच जो प्रेम है वह राधा कृष्ण की तरह है। उन्होंने कहा कि आज उनको एक अहम जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने भगवा धारण कर लिया है। वायरल वीडियो पर उन्होंने कहा कि वह वीडियो उन्होंने वायरल नहीं किया है। यह कुछ लोगों की साजिश है हमें बदनाम करने की। सुरेश राठौर ने कहा कि अभिनेत्री और उन्हें बदनाम कर उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे ज्यादा वह कुछ नहीं कह सकते हैं। बताया जा रहा है कि अभिनेत्री तीन फिल्मों में पूर्व विधायक के साथ काम कर चुकी हैं। यही नहीं उनका तलाक का मामला भी चल रहा है। बीते दिनों अपने बयान में पूर्व विधायक ने यह भी कहा था कि अभिनेत्री उनकी पीठ से लंबे अरसे से जुड़ी हुई हैं और उनका आना-जाना लगा रहता है। वायरल वीडियो को राजनीतिक तौर पर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *