September 9, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में विधानसभा चुनाव की तैयारियों और विधायकों के प्रदर्शन को लेकर महामंथन

हल्द्वानी (उद संवाददाता)। उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी जीत की तैयारी में जुटी भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति का महामंथन बुधवार को हल्द्वानी में शुरू हो गया। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सरकार की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर व्यापक मंथन किया जा रहा है। बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री तथा मोर्चा और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में दोपहर बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी पहुंचेंगे। शाम पांच बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और शाम सात बजे कोर कमेटी की बैठक में भी मुख्यमंत्री शामिल होंगे। सभी बैठकें हल्द्वानी में होंगी। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति को इस बार महज संगठनात्मक औपचारिकता नहीं माना जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में होने वाले इस महामंथन में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर संगठन की जमीनी स्थिति की समीक्षा महत्वपूर्ण रहेगी। जिलों से मिलने वाली रिपोर्ट, बूथ स्तर की सक्रियता, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और सरकार की योजनाओं के धरातल पर असर को लेकर पदाधिकारियों से फीडबैक लिया जाएगा।बैठक में इस बात पर भी नजर रहेगी कि किस विधानसभा क्षेत्र में संगठन कितना मजबूत है, बूथ समितियों की सक्रियता कैसी है, मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय की स्थिति क्या है और कमजोर बूथों को मजबूत करने के लिए अब तक क्या काम हुआ है। इसके साथ ही सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने में संगठन की भूमिका की भी समीक्षा की जाएगी। प्रदेश कार्यसमिति में मौजूदा मंत्री और विधायकों के कामकाज को लेकर भी जमीनी फीडबैक महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधानसभा क्षेत्रें में जनसंपर्क, कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल, जनता के बीच सक्रियता और संगठन के साथ समन्वय जैसे विषयों पर जिला पदाधिकारियों और संगठन के विभिन्न स्तरों से जानकारी ली जाएगी। इसके साथ ही जहां सरकार के प्रति सकारात्मक माहौल होने के बावजूद स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधि को लेकर असंतोष है, वहां की स्थिति को भी संगठन गंभीरता से देखेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यसमिति की बैठक के संदर्भ में कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय के साथ ही योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता के साथ जनता के बीच रहकर सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचानी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के विकास और जनहित के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। संगठन के कार्यकर्ताओं की भूमिका सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने और जनता की अपेक्षाओं को सरकार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण है। आगामी चुनाव में भी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के आधार पर भाजपा मजबूत स्थिति में रहेगी।प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी तैयारी के साथ जुटना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाते हुए बूथ और मंडल स्तर पर सक्रियता बढ़ानी होगी। कार्यसमिति में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, सांसद अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह सहित मंत्री, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री और विभिन्न मोर्चों तथा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *