मुख्यमंत्री धामी ने हल्द्वानी में सुनीं जनसमस्याएं
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी पहुंचे। एफटीआई हेलीपैड पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी तथा जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों की ओर से रखी गई समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसलिए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी छोटी या बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इस दिशा में अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। इससे पूर्व एफटीआई हेलीपैड पहुंचने पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल तथा विभिन्न दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधि भी इस दौरान मौजूद रहे।
