February 27, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चारधाम यात्रा में बढ़ती अव्यवस्थाओं के बाद मुख्यमंत्री धामी ने बड़कोट में संभाला मोर्चा: पंजीकरण जांच केंद्र के श्रद्धालुओं ने सीएम को अपनी समस्या

देहरादून(उद संवाददाता)। चारधाम यात्रा में बढ़ती अव्यवस्थाओं के बाद सूबे के मुखिया ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। शुक्रवार को सचिवालय में चारधाम यात्रा को लेकर हुई समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री धामी खुद उत्तरकाशी के बड़कोट पहुंच गए हैं। बड़कोट पहुंचकर सीएम धामी ने यमुनोत्री धाम यात्रा की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। सीएम धामी ने यमुनोत्री नेशनल हाइवे पर बड़कोट में बने पंजीकरण जांच केंद्र पर पंहुचकर यात्रियों की समस्याएं सुनी । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपने बीच देख श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली और एकाएक कर सूबे के मुखिया को अपनी समस्या बताने लगे। पंजीकरण जांच केंद्र के बाहर मौजूद श्रद्धालुओं ने सीएम धामी को अपनी समस्या बताई। जिसके बाद सीएम धामी ने सम्बंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए निर्देश किया। चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार नजर बनाए हुए हैं। शुक्रवार को सीएम धामी ने सचिवालय में चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और इसके बाद मुख्यमंत्री ने ग्राउंड जीरो से यमुनोत्री धाम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बड़कोट पहुंचकर व्यवस्थायें देखी। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी बात की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। सीएम ने सचिवालय में चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को यात्रा से जुड़े पैदल मार्गों पर पेयजल एवं अन्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। सीएम ने कहा हमारा प्रयास है कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना न करना पड़े। प्रशासन और श्रद्धालुओं के आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं और मजबूत हो रही हैं। अगले कुछ दिनों में ऑफलाइन पंजीकरण को दुबारा से शुरू कर दिया जायेगा। यात्रियों से अपील है कि रजिस्ट्रेशन के बाद नियत तिथि पर ही अपनी यात्रा शुरू करें। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को जिन स्थानों पर ठहराने की व्यवस्थाएं की गई है, वहां पेयजल, विद्युत, शौचालय, खानपान और बच्चों के लिए दूध और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत आवश्कतानुसार वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाए और श्रद्धालुओं को इन मार्गों के बारे में जानकारी दी जाए एवं वाहनों की फिटनेस का भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा व्यवस्थाओं में सभी अधिकारी चारधाम यात्रा से जुड़े जनपदों के जिलाधिकारी और एसपी का पूरा सहयोग करें। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी रूद्रप्रयाग से केदारनाथ यात्रा के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी रूद्रप्रयाग सौरभ गहरवार ने अवगत कराया कि केदारनाथ में यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। ठहराव वाले स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यात्रा मार्ग पर वाहनों के आवागमन की व्यवस्थाओं की कंट्रोल रूम से निगरानी की जा रही है। यातायात प्रबंधन के लिए यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी उत्तरकाशी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने कहा कि गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यात्रियों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। एसपी उत्तरकाशी ने कहा कि कुछ लोग फर्जी रजिस्ट्रेशन वाले पाये गये हैं, जिन पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी चमोली हिमांशु खुराना ने कहा कि बदरीनाथ में यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। आगामी सप्ताह में अवकाश के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि के दृष्टिगत भी सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। बैठक में प्रमुख सचिव आर. के सुधांशु, सचिव अरविन्द सिंह ह्यांकी, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, सचिन कुर्वे, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पाण्डेय, सचिव एस.एन. पाण्डेय, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी देहरादून सोनिका, एसएसपी अजय सिंह, वर्चुअल माध्यम से डीजीपी अभिनव कुमार, जिलाधिकारी हरिद्वार धीराज गर्ब्याल उपस्थित थे।


  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *