Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पिथौरागढ़/चमोली ।रविवार देर रात जौलजीबी झूलाघाट मोटर मार्ग में एक कार खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रविवार रात दो लोग कार संख्या यूके 05 टीए 3501 से जौलजीबी मेले से लौटकर अपने घर जा रहे थे, तभी अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। अंधेरा अधिक होने के कारण हादसे का पता सुबह चला। पूर्व प्रधान नरेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह लोगों ने खाई में कार दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना अस्कोट पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को बाहर निकलवाया। मृतकों की शिनाख्त सिमलखेत निवासी भुवन राम(46) पुत्र श्यामू राम और डंबर राम (45) पुत्र शेर राम निवासी डंबर के रूप में हुई है। अस्कोट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर चमोली के पोखरी मोटर मार्ग पर एक कार दुघर्टनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौत हो गई। बताया गया है कि सोमवार को पोखरी मोटर मार्ग पर त्रिशुला से देवखाल की ओर जा रही कार धारकोट गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। सूचना पर गोपेश्वर से पुलिस टीम और पोखरी से तहसील टीम मौके के लिए रवाना हो गई। समाचार लिखने तक घटना का पूरा विवरण नहीं मिल सका था।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *