Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

शिवसेना ने चैंकाया! आदित्य नहीं एकनाथ शिंदे विधाायक दल के नेता

मुंबई(उद ब्यूरो) । महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी के साथ मुख्यमंत्री पद पर चल रहे मंथन के बीच आज शिवसेना विधायक दल की बैठक हुई। शिवसेना की बैठक में पार्टी नेता एकनाथ शिंदे को विधायक दल का नेता चुना गया है, इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि आदित्य ठाकरे को ये पद मिल सकता है। विधायक दल के नेता के लिए आदित्य ठाकरे ने ही एकनाथ शिंदे के नाम का प्रस्ताव रखा था। पार्टी ने इसके अलावा सुनील प्रभु को विधानसभा में चीफ व्हिप चुना है। विधायक दल की बैठक के बाद शिवसेना के एमएलए राज्यपाल से मुलाकात करने के लिए जाएंगे। पार्टी की ओर से कहा गया है कि वे सूखे के मुद्दे पर राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। बैठक के बीच शिवसेना की ओर से मुख्यमंत्री पद पर सख्ती बरकरार है। शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा है कि हम अपनी मांग से पीछे नहीं हटे हैं, बल्कि हमारे दोस्त (भाजपा) अपने वादे से मुकर गई है। आपको बता दें कि आज हो रही विधायक दल की बैठक में शिवसेना भाजपा के साथ चल रही मुख्यमंत्री पद पर खींचतान पर कोई फैसला ले सकती है। पार्टी की ओर से लगातार भाजपा पर 50-50 फॉर्मूले के लिए दबाव बनाया जा रहा था। विधायक दल की बैठक से पहले शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, ‘हम अपनी मांग से पीछे नहीं हटे हैं, लेकिन हमारे दोस्त अपने वादों से पीछे हट गए हैं। चुनाव से पहले 50-50 फॉर्मूले पर बात हुई थी, इसे देवेंद्र फडणवीस ने भी कबूला है।’ आपको बता दें कि शिवसेना की इस बैठक से पहले ही भाजपा की ओर से ऑफर की बात भी सामने आई है। सूत्रों की मानें तो भारतीय जनता पार्टी सरकार गठन के लिए शिवसेना को 13 मंत्रालय और एक डिप्टी सीएम पद ऑफर कर सकती है। हालांकि, भाजपा शिवसेना को वित्त मंत्रालय नहीं देना चाहती है। महाराष्ट्र में हुए चुनाव में इस बार भाजपा को 105, शिवसेना को कुल 56 विधायक मिले हैं। हालांकि चुनाव के बाद दोनों दल अपने-अपने स्तर पर निर्दलीयों का समर्थन लेने में जुटे हैं। अभी तक बीजेपी 15 निर्दलीय और शिवसेना 7 विधायकों के समर्थन का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *