उत्तराखंड में शुद्धिकरण प्रकरण गरमाया : राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर, कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, एफआईआर को बताया राजनीतिक कार्रवाई
श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा समिति के सदस्य अमित कुमार की शिकायत पर दर्ज हुई प्राथमिकी
हल्द्वानी। उत्तराखंड में हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर राजनीतिक विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस जहां इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर हमलावर है, वहीं भाजपा ने कथित शुद्धिकरण को कांग्रेस का राजनीतिक प्रोपेगेंडा करार दिया है। इसी बीच अब इस मामले में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196ए, 299 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। प्राथमिकी श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा समिति के सदस्य अमित कुमार की शिकायत पर दर्ज हुई है। शिकायतकर्ता अमित कुमार अनुसूचित जाति से संबंधित हैं और जवाहर नगर कॉलोनी के निवासी बताए गए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आठ अगस्त को रामलीला मैदान में कांग्रेस का राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मैदान में कूड़ा-कचरा, खाली बोतलें और अन्य आपत्तिजनक सामग्री पड़ी थी। अमित कुमार के अनुसार, 11 अगस्त को मैदान की सफाई कराई गई और इसके बाद धार्मिक अनुष्ठान किया गया।आरोप है कि राहुल गांधी ने दिल्ली में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इस पूरे घटनाक्रम को जातिगत रंग देते हुए इसे छुआछूत और आपराधिक कृत्य के तौर पर प्रस्तुत किया। शिकायतकर्ता का कहना है कि राहुल गांधी के बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें और समिति से जुड़े लोगों को सार्वजनिक रूप से छुआछूत करने वाला, जातिवादी और दलित विरोधी बताया जा रहा है।अमित कुमार ने आरोप लगाया कि इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा, आजीविका और सुरक्षा प्रभावित हुई है। उन्होंने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम समेत बीएनएस की अन्य धाराओं में राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि यदि पुलिस मामले में कार्रवाई नहीं करती है तो वह न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। मामले को लेकर एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि पुलिस को तहरीर मिली है और शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। पीड़ित की ओर से उपलब्ध कराए गए वीडियो साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गोदियाल ने कहा : “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” राहुल गांधी ने प्रभावित और प्रताड़ित समाज की आवाज उठाई
राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इसे लेकर सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” वाली स्थिति भाजपा सरकार ने पैदा कर दी है।गोदियाल ने आरोप लगाया कि दलितों और गरीबों का मुद्दा उठाने पर राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है, जबकि इसी प्रकरण में कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस की शिकायत 18 अगस्त से लंबित है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने प्रभावित और प्रताड़ित समाज की आवाज उठाई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि राज्यसभा के सभापति के निर्देश के बावजूद सरकार ने मामले की जांच नहीं की। गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर कानूनी, लोकतांत्रिक और सड़क—तीनों स्तरों पर संघर्ष करेगी। उन्होंने हल्द्वानी की घटना में तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। गोदियाल का आरोप है कि महेंद्र भट्ट ने कथित “शुद्धिकरण” का बचाव किया था।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज: पुलिस कर रही आरोपों और वीडियो साक्ष्यों की जांच
हल्द्वानी का यह मामला अब सफाई और धार्मिक अनुष्ठान के विवाद से आगे बढ़कर राजनीतिक और कानूनी लड़ाई में तब्दील होता दिखाई दे रहा है। एक ओर भाजपा जहां कांग्रेस पर घटना को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगा रही है, वहीं कांग्रेस इसे दलितों और गरीबों के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताते हुए सरकार पर कार्रवाई न करने का आरोप लगा रही है।राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के बाद विवाद और तेज होने के आसार हैं। फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों, वीडियो साक्ष्यों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के निष्कर्ष के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
