February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बाबा केदार के दरबार में मोदी ने की पूजा-अर्चना

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर शनिवार सुबह देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और सीएम त्रिवेंद्र रावत ने उनकी अगवानी की। कुछ देर बाद पीएम मोदी जौलीग्रांट एयरपोर्ट से सेना के हेलीकॉप्टर से केदारनाथ के लिए रवाना हो गए। सुबह 9बजकर 37 मिनट पर उनका हेलीकॉप्टर केदारनाथ धाम में उतरा। इसके बाद पीएम मोदी सेफ हाउस से मंदिर तक के सफर में तीर्थ पुरोहितों से कुछ देर बातचीत की। इसके बाद वह मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे। यहां करीब उन्होंने 17 मिनट तक बाबा केदार की पूर्जा अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर की परिक्रमा की। इसके बाद वहां मौजूद तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों का पीएम मोदी ने हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। परिक्रमा के बाद पीएम को मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने शाल ओढ़ाया। इस मौके पर स्मृति चिह्न भी भेंट भी किया। इसके बाद पीएम मोदी ने केदारनाथ मंदिर के समीप चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों से संबंधित नक्शों का अवलोकन भी किया। पीएम नरेंद्र मोदी ने गढ़वाली पोशाक पहनी हुई थी। साथ ही सिर पर हिमाचली टोपी लगाई थी। पीएम मोदी ने कमर पर भगवा गमछा बांधा था। पीएम मोदी ने केदारनाथ धाम पर बाघाम्बर प्रिंट का अंग वस्त्र चढ़ाया और घंटा भी अर्पित किया। घंटे का वजन एक से डेढ़ क्विंटल का है। धर्म के जानकार बताते हैं कि जब किसी व्यक्ति की मनोकामना पूरी हो जाती है, तो वह घंटे या घंटियां मंदिर में चढ़ाते हैं। कई बार लोग मन्नत मांगने के समय भी इस तरह का उपहार चढ़ाते हैं। बता दें उत्तराखंड से प्रधानमंत्री मोदी का खास लगाव है और केदारनाथधाम के प्रति उनकी अगाध आस्था है। एक दौर में मोदी ने केदारनाथ के नजदीक ही गरुड़चट्टðी में साधना की थी। प्रधानमंत्री बनने के बाद वह अक्सर केदारनाथ आते रहे हैं। केदारपुरी का पुनर्निर्माण उनके ड्रीम प्रोजक्ट में शामिल है। वह खुद इसकी मॉनीटरिंग करते आए हैं। इसका नतीजा ये हुआ कि 2013 की आपदा में तबाह हुई केदारपुरी अब नए कलेवर में निखर चुकी है। पिछली बार केदारनाथधाम के कपाट खुलने व बंद होने के अवसर पर वह मौजूद रहे थे। इस मर्तबा लोकसभा चुनाव की आपाधापी के कारण वह केदारनाथ नहीं पहुंच पाए थे, मगर माना जा रहा था कि चुनाव से निबटने के बाद वह केदारनाथ आएंगे। पिछले कुछ दिनों से उनकी उत्तराखंड यात्रा को लेकर मशीनरी सक्रिय थी। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री आज रात्रि विश्राम केदारनाथ में कर सकते हैं। यदि मौसम प्रतिकूल रहा तो गौचर को वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर तैयार रखा गया है। सूत्रों ने बताया कि कल प्रधानमंत्री बदरीनाथ जाएंगे। वहां दर्शन करने के बाद वह पहले जौलीग्रांट पहुंचेंगे और फिर दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *