विधायक बेहड़ ने कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह के लिए मांगे वोट
किच्छा। निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह के समर्थन में विधायक तिलकराज बेहड़ ने बुधवार शाम नगर के विभिन्न वार्डों में चुनावी सभाएं और जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान विधायक ने मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए नगर के विकास कार्यों को गति देने का भरोसा दिलाया। विधायक बेहड़ ने पुरानी गल्ला मंडी वार्ड नंबर 9, सैनिक कॉलोनी एवं नानक नगर वार्ड नंबर 8, वार्ड नंबर 5, 6, 17 और 18 में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका करीब दो वर्षों से प्रशासक के अधीन है, जिसके चलते पालिका क्षेत्र में कई विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि नगर की समस्याओं का समाधान और रुके हुए विकास कार्यों को पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए। बेहड़ ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह को नगर पालिका अध्यक्ष बनाए जाने पर क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड की मूलभूत समस्याओं को लेकर जनता के बीच जाकर उनकी बात सुनी जाएगी और समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि वह अपने पूर्व कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता से उन्हें लगातार समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव जनता की सेवा का माध्यम है और नगर के विकास के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर काम किया जाएगा। राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि चुनाव में जनता विकास और सेवा के मुद्दों को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि अराजकता और गुंडागर्दी के बूते चुनाव नहीं जीते जा सकते तथा जनता ने हमेशा ऐसे तत्वों को नकारा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस प्रत्याशी को विभिन्न वार्डों में लोगों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सेवा का संकल्प है। उन्होंने विभिन्न वार्डों में नागरिकों द्वारा किए जा रहे स्वागत का उल्लेख करते हुए कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड की समस्या को अपनी समस्या समझकर उसके समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा। जनसंपर्क एवं चुनावी सभाओं के दौरान नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, दर्शन कोली, ओम प्रकाश दुआ, लियाकत अंसारी, दानिश मलिक, आरिफ कुरैशी, कलावती, देवकी नंदन, गुरचरण सिंह चन्नी, दिलीप सिंह सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
