Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

जिले में 55 परीक्षा केंद्रों पर 18,302 अभ्यर्थी देंगे स्नातक स्तरीय परीक्षा

रुद्रपुर । उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से 14 जून को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी नितिन सिंह ने शुक्रवार को जिला सभागार में अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों और आयोग के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के संचालन में किसी भी प्रकार की गलती क्षम्य नहीं होगी। सभी अधिकारी पूरी गंभीरता, सतर्कता और पारदर्शिता के साथ परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और निर्विघ्न संपन्न कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और पर्यवेक्षक परीक्षा से एक दिन पहले परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। आयोग के प्रतिनिधियों को सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त क्षमता वाले जैमर अनिवार्य रूप से स्थापित करने और परीक्षा से पहले उनकी कार्यक्षमता की जांच करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षार्थियों की जांच और बायोमैट्रिक सत्यापन परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर ही सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराया जाए। प्रश्नपत्रों को भी सीसीटीवी की निगरानी में सुरक्षित रखा जाए तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही खोला जाए। आयोग की ओर से जारी सभी दिशा निर्देशों का शत प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा डड्ढूटी अत्यंत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाए तथा बिना परिचय पत्र के किसी भी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र के भीतर प्रवेश न मिले। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 प्रभावी रहेगी तथा सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे। अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने बताया कि जनपद में परीक्षा के लिए कुल 55 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 18,302 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। रुद्रपुर और किच्छा में 21 परीक्षा केंद्रों पर 7,424, गदरपुर में 15 परीक्षा केंद्रों पर 4,308, बाजपुर में 11 परीक्षा केंद्रों पर 3,516 तथा काशीपुर में आठ परीक्षा केंद्रों पर 3,054 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, आयोग के प्रतिनिधि, सेक्टर मजिस्ट्रेट, नोडल अधिकारी और सभी केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *